मौसम का बदलता मिजाज, नौतपा में बारिश से बनी अजीब सी स्थिति
आषाढ़ में परेशान कर सकती है बोवनी पर होने वाली बारिश
सिलवानी। इस बार पूरे साल बेमौसम बारिष होती रही। बारिश को लेकर तरह-तरह की बातें सामने आ रही हैं। इसे बोवनी वाले समय में नुकसानप्रद बताया जा रहा है। नौतपा की इस बारिश के बाद अब कहा जा रहा है कि बारिश के सीजन और आषाढ़ी में बोवनी के समय बारिश परेशान कर सकती है। दरअसल इस बार बारिश का मौसम अक्टूबर तक चलने के बाद भी लगभग हर महीने बारिश हुई। दिसंबर, जनवरी, फरवरी, मार्च और अप्रेल में भी बारिश हुई। मई में कुछ दिन तेज गर्मी और लू का प्रकोप रहने के बाद फिर से आंधी-तूफान वाली बारिश हुई। इससे मौसम का पूरा गणित ही गड़बड़ा रहा है। जिस मौसम में सर्दी, गर्मी पडना थी उसमें बारिश हो गई। इससे बोवनी वाली बारिश होने के लिए पर्याप्त स्थितियां अनुकूल नहीं हो रही हैं।
हीरेन्द्र यादव, किसान ने बताया कि पहले के बुजुर्ग कहते हैं कि रोहिणी नक्षत्र के नौतपा में भरपूर गर्मी पड़ती है। उमस वाली गर्मी के साथ ही पूरे सीजन की गर्मी इसी दौरान गिरती है। यदि इस समय बारिश हो जाती है तो अन्य समय का शेड्यूल बिगड़ सकता है।
नवलकिशोर सिंह, किसान का कहना है कि बारिश के सीजन और आषाढ़ी में बोवनी के समय बारिश परेशान कर सकती है। दिसंबर, जनवरी, फरवरी, मार्च और अप्रेल में भी बारिश हुई। अभी तो खेत की मिट्टी को उलटा-पल्टा कर रहे ताकि कीड़े व अपशिष्ट पदार्थ निकल सकें।



