नारायण नाम की महिमा सुन भक्त हुए भाव विभोर
सिलवानी। तहसील के ग्राम गैलपुर में सात दिवसीय श्रीमद भागवत कथा का आयोजन ग्रामीणों द्वारा कराया जा रहा है। जिसमें कथा व्यास पंडित भूपेंद्र शास्त्री द्वारा भागवत कथा का प्रवचन कर रहे है। शुक्रवार को कथा व्यास शास्त्री द्वारा अजामिल का प्रसंग सुनाया। उन्होंने कहा कि कलयुग में नारायण का नाम ही सुमिरन करने से ही मनुष्य का उद्धार हो जाता है। कथा व्यास शास्त्री के मुखारविंद से अजामिल की कथा श्रवण कर भक्त भाव विभोर हो गए।
कथा में शास्त्री ने कहा कि सच्चिदानंद स्वरुप परमात्मा हमारे दैहिक, दैविक एवं भौतिक तीन तापों को दूर करते हैं। जब ह्रदय में कथा श्रवण के माध्यम से परमात्मा प्रवेश करते है तो ये तीनों ताप अपने आप नष्ट हो जाते है। इसलिए मनुष्य को हमेशा सत्कर्म करना चाहिए, फल की इच्छा नहीं। इसका फल अच्छा ही होगा। उन्होंने भक्तों को श्रीमद भागवत कथा की महिमा बताते हुए कहा कि चाहे जितना भी विपत्ति काल क्यों न आ गया हो लेकिन ईश्वर के नाम का सहारा लोगों को नहीं छोड़ना चाहिए। वही हर कष्ट और दुखों का निवारण करते हैं। उन्होंने बताया कि भगवान सिर्फ भाव के ही भूखे हैं। जो भी जन उनके प्रति समर्पित भाव रखते हैं उनका बेड़ा अवश्य पार होता है।

