मैं सरकार नहीं परिवार चलाता हूँ : शिवराज सिंह चौहान
रविवार को देवनगर से किया चुनाव प्रचार अभियान का शंखनाद भरी हुंकार
ब्यूरो चीफ: संजय द्विवेदी
रायसेन। रविवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान सांची विधानसभा सभा क्षेत्र के बगीचा धाम हनुमान मंदिर परिसर पहुंचे। यहां सीएम चौहान ने कस्बा देवनगर से मप्र मिशन 2023 के प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए मंच पर हुंकार भरी। मुख्यमंत्री चौहान ने यहां साँची अजा सीट के भाजपा उम्मीदवार डॉ प्रभुराम चौधरी के पक्ष में चुनावी आमसभा आयोजित की। मंच से मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने चुनाव प्रचार की हुंकार भरते हुए कहा कि मैं सरकार नहीं बल्कि गरीबों का परिवार चलाने का कार्य करता हूँ। डबल इंजन की सरकार ने देश ही नहीं बल्कि मप्र को एक बीमारू राज्य से उभारकर स्वर्णिम विकसित राज्य बनाने का काम किया। विकास के पहिए को रुकने नहीं दिया लगातार चल रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मेरे द्वारा चलाई गई गरीब कल्याण हितैषी योजनाओं को डेढ़ साल के कार्यकाल में बंद कर दिया था। अब एक बार फिर सत्ता में आने के लिए कांग्रेस के तमाम नेता झूठ के प्रपंच रचे जा रहे हैं। लेकिन मतदाताओं इनको सरकार में आने से रोकना है।मुख्यमंत्री चौहान ने आगे कहा कि कांग्रेस के बड़े नेताओं में कपड़े फाड़ प्रतियोगिता, व्यंग कसने रस्सी की आपस में खींचतान चल रही है। हाल ही में भारत देश में गठित संयुक्त मोर्चा इंडिया में भी आपसी फूट पड़ चुकी है।
बेटियां पहले अभिशाप…. अब लखपति बेटियां बनीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक जमाना गुजर गया जब बेटियां पैदा होते ही परिवार में मातम छा जाता था। बहू को बेटी होने पर परिवार के लोग उसे ताने देते थे। बेटा होने पर परिवार में खुशियां मनाई जाती थी पटाखे फोड़े जाते थे बंदूकें से हवाई फायर भी किए जाते थे। मैंने बेटियों के जीवन उद्धार के लिए लाड़ली लक्ष्मी योजना बनाई और उसे सवा लाख रुपये बैंक खातों में जमाकर लखपति बनाने उनकी शादी उठाने का खर्च भी सरकार उठा रही है। इसी तरह मुख्यमंत्री लाड़ली योजना बनाकर सवा 15 करोड़ रुपये हर महीने सरकार खर्च कर रहा हूँ तो कांग्रेस के नेताओं के पेट में आखिर मरोड़ उठ रही है। उन्होंने बताया कि किसानों, मजदूर अल्पसंख्यक सहित गरीब परिवारों शिक्षित युवा युवतियों के लिए सीखो कमाओ योजना लागू करने उनके उत्थान के लिए उनका जीवन स्तर ऊंचा करने योजनाओं को चलाकर केंद्र की मोदी और मप्र की सरकार बेहतर काम कर रही हैं। फिर से भाजपा की सरकार बनाने के लिए सबका साथ सबका विकास करने बीजेपी के कमल निशान वाले ईवीएम मशीन का बटन दबाकर साँची के भाजपा प्रत्याशी डॉ प्रभुराम चौधरी को प्रचंड बहुमत से जिताएं।
साँची विस को विकास का मॉडल बनाएंगे : चौधरी
देवनगर में रविवार को आयोजित जनसभा में स्वास्थ्य मंत्री व बीजेपी उम्मीदवार डॉ प्रभुराम चौधरी ने कहा कि मैं साँची विधानसभा क्षेत्र को समूचे मप्र में विकास का मॉडल बनाऊंगा। मैं जनता को यह वचन देता हूँ कि हर असंभव कार्य को मैंने संभव करके दिखाऊँगा। जनसेवा का मैंने जो संकल्प लिया है उसे मुक्यमंत्री और ज्योतिरादित्य सिंधिया के सहयोग से समूचे साँची विधानसभा क्षेत्र में चौतरफा विकास की एक नई इबारत लिखी जा रही है। भारत देश विश्व बौद्ध स्थली साँची देश की पहली सौलर सिटी बन चुकी है। रायसेन किले के लिए पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 40 करोड़ की लागत से रोपवे का भी जल्द निर्माण होगा। 700 करोड़ रुपये की लागत से रायसेन सिटी में मेडिकल कालेज भवन बनाकर पढ़ाई शुरू कराई जाएगी। वहीं बम्होरी देवनगर, गढ़ी अहमदपुर विदिशा सड़कों का जल्द उन्नयन होगा। समूचे साँची विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य चिकित्सा क्षेत्र को विकसित करते हुए अस्पताल भवनों चिकित्सा मशीनों की सौगात दी गई है।
मंच संचलन चन्द्रकृष्ण रघुवंशी ने किया। इस अवसर पर मंच पर भाजपा प्रत्याशी डॉ प्रभुराम चौधरी, जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा, जिपं अध्यक्ष यशवंत बबलू मीणा एस मुनियन, वीरेंद्र बघेल, भाजपा किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष दर्शनसिंह चौधरी, महाराष्ट्र के विधायक राजेश कुमार, जिपं सदस्य उषा सोनू मीणा, जमना सेन, ब्रजेश चतुर्वेदी, मलखानसिंह मीणा, वीरसिंह पटेल, मोहरसिंह ठाकुर राजेन्द्र राजू राठौर, अशोक राठौर, नगर परिषद गैरतगंज के अध्यक्ष सिंघई जिनेश जैन, भागचंद चौरसिया, राजेन्द्र राज मीणा अंशुल शर्मा, दीपक पंड्या, मुकेश रघुवंशी, हेमलता रघुवंशी नीलम चंद्रवंशी आदि मौजूद रहे।
जनसभा की झलकियां….. झलकियां
@ देवनगर की जनसभा में भीड़ जुटाने भोजपुर,रायसेन, साँची विस के आसपास के गांवों से बसें भेजकर भीड़ जुटाई।
@ मंच पर पंडाल की गर्मी उमस से बढ़ी बैचेनी पानी की बाटलें उपलब्ध नहीं भाजपा नेताओं के कंठ प्यास के मारे सूखे।
@ आदिवासी समाज पर फिर बढ़े अत्याचार, छेड़छाड़ की घटना की नाबालिग आदिवासी ब लड़कियां मंच के करीब शिकायत मुख्यमंत्री, मंत्री से करने से देवनगर पुलिस ने रोका।
@ भाजपा की फायर ब्रांड नेत्री उमाभारती द्वारा पिछड़े वर्ग की महिलाओं को विधेयक में 27 प्रतिशत आरक्षण के मुद्दे पर मीडिया कर्मियों ने मुख्यमंत्री चौहान से सवाल खड़े किए तो वह टाल गए और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान चलते बने।



