यूरिया खाद लेने पहुंचे किसानों ने जताया विरोध : खाद की मारामारी को लेकर किसानों ने लगाया सड़क पर जाम
एसडीएम तहसीलदार कोटवाली टीआई ने पहुंचकर दी समझाइश, बोले- सबको मिलेगा खाद
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन । रायसेन जिला मुख्यालय के भोपाल मार्ग पर स्थित संजय नगर खाद गोदाम पर खाद नहीं होने के बाद भी सुबह से किसान यूरिया खाद लेने पहुंच गए। इस पर जिन किसानों के एक दिन पहले आधार कार्ड जमा कराए गए थे उनको तो खाद मिल रही थी।मगर जो किसान आज खाद गोदाम पर पहुंचे थे उनको खाद नहीं मिल पाई। जिस कारण किसानों में आक्रोश देखा गया। वही कुछ किसानों द्वारा गोदाम के बाहर रोड पर भी जाकर अपना विरोध जताया। जिसकी सूचना मिलने पर एसडीएम एलके खरे तहसीलदार अजय प्रताप सिंह पटेल कोतवाली थाना प्रभारी जगदीश सिंह सिद्धू मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाइश दी।
खाद नहीं होने की सूचना दीवार पर की चस्पा, फिर भी बड़ी संख्या में पहुंचे किसान…..
खाद भंडारण शाखा के कर्मचारियों द्वारा आज दिनांक को खाद गोदाम पर खाद नहीं होने की सूचना दीवार पर चस्पा की गई थी । पर इसके बाद भी सुबह से ही किसान खाद गोदाम पर खाद लेने के लिए पहुंच गए।जिस पर देखते ही देखते भीड़ बढ़ती गई और किसानों का आक्रोश भी बढ़ गया जो किसान आज खाद लेने पहुंचे थे उनको प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में उनके आधार कार्ड जमा कराए गए और उनको कल खाद ले जाने का आश्वासन दिया तब कहीं जाकर किसान माने।
2 से 3 दिन छोड़कर लगातार आ रहा है यूरिया खाद…..
फर्टिलाइजर इंचार्ज एके पुरोहित का कहना है कि लगातार रायसेन खाद भंडारण केंद्र पर यूरिया खाद आ रहा है। किसानों को आवश्यकता अनुसार खाद भी वितरण किया जा रहा है। खाद की कोई कमी नहीं है 1 दिन पहले आए किसानों के आधार कार्ड जमा करवा कर उनको दूसरे दिन खाद का वितरण आसानी से किया जा रहा है । पर आज भंडारण केंद्र में खाद नहीं था इसकी सूचना भी दीवार पर लगाई गई थी।


