मिर्ची बाबा को बलात्कार के आरोप में पुलिस ने किया गिरफ्तार, रायसेन की महिला ने दर्ज कराया मामला
विरोध पर बाबा ने कहा था- बच्चा ऐसे ही होता है
भोपाल/ ग्वालियर। हमेशा चर्चा में रहने वैराग्यनंद गिरि उर्फ मिर्ची बाबा को बलात्कार के मामले में ग्वालियर के एक होटल से गिरफ्तार किया गया है। बाबा पर एक दिन पहले ही 28 साल की महिला ने भोपाल के महिला थाने में बलात्कार का केस दर्ज कराया है। मिर्ची बाबा को नागा बाबा का दर्जा प्राप्त है। वे खुद को हरिद्वार के पंचायती निरंजनी अखाड़ा का महामंडलेश्वर कहते हैं।
पीड़िता रायसेन की रहने वाली है। उसने शिकायत में पुलिस को बताया था कि उसकी शादी को चार साल हो चुके हैं। बच्चे नहीं हैं, इसलिए मिर्ची बाबा के संपर्क में आई थी। बाबा ने पूजा-पाठ कर संतान होने का दावा किया। इलाज के नाम पर महिला को नशे की गोलियां खिलाकर बलात्कार किया। घटना इसी साल जुलाई की है। विरोध करने पर बाबा बोला- बच्चा ऐसे ही होता है।
ग्वालियर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश डंडोतियाकी टीम ने भोपाल पुलिस के इनपुट पर के आधार पर कार्रवाई की। डंडोतिया व उनकी टीम ने होटल नारायणन से मिर्ची बाबा को रात में गिरफ्तार कर लिया। फिर भोपाल पुलिस को सौंप दिया है। बताया जाता है कि इस संबंध में भोपाल पुलिस ने एसएसपी ग्वालियर को फोन किया था। हालांकि, अभी तक पुलिस ने अधिकृत रूप से इस खबर को पुष्ट नहीं किया है।



