मध्य प्रदेश

लाडली बहनो को 1 हजार की राशि देना मेरे सपनों की योजना है : शिवराज सिंह चौहान

विदिशा में संभाग स्तरीय सम्मेलन में 24 लाख 94 हजार हितग्राहियों को योजना के लाभ पत्र वितरित किए
मुख्यमंत्री ने रायसेन जिले के 11 हितग्राहियों को मंच से वितरित किए स्वीकृति पत्र, प्रदेश के 73 लाख किसानों को 2-2 हजार की राशि खाते में वितरित की गई

रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन । प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को विदिशा कृषि उपज मंडी में तीन संभागों भोपाल, सागर और उज्जैन के संयुक्त कार्यक्रम का कन्या पूजन और दीप प्रज्जवलन कर शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सिंगल क्लिक के माध्यम से 73 लाख से अधिक किसानों के खाते में 1465 करोड़ की राशि का अंतरण किया। इस दौरान विदिशा रायसेन भाजपा सांसद रमाकांत भार्गव, खजुराहो सांसद वीडी शर्मा, सिलवानी विधायक रामपाल सिंह राजपूत सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में रायसेन जिले से 20 हजार से अधिक हितग्राही शामिल हुए। मुख्यमंत्री चौहान द्वारा रायसेन जिले के 11 हितग्राहियों को मंच पर हितलाभ स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। उन्होंने सांची निवासी लाड़ली लक्ष्मी समृद्धि शर्मा को प्रमाण पत्र प्रदान कर दुलार भी किया। इसका सीधा लाइव प्रसारण कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी, कलेक्टर अरविंद दुबे, एसपी विकाश कुमार शाहवाल सहित अधीनस्थ अधिकारी जनप्रतिनिधियों ने देखा। उल्लेखनीय है कि रायसेन जिले में 17 सितंबर 2022 से 31 अक्टूबर 2022 तक चलाए गए मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान में कुल 210420 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें पात्रतानुसार 176731 आवेदन स्वीकृत किए गए। इनमें 144235 आवेदनों में हितलाभ वितरण की कार्यवाही पूर्ण कर हितग्राहियों को वितरित किए जा रहे हैं।
माताएं बहनें अन्नपूर्णा….
कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि हमारी माताएं-बहनें अन्नपूर्णा हैं। घर चलाने की सबसे ज्यादा जिम्मेदारी माताओं-बहनों पर होती है। सरकार ने फैसला लिया है कि बहनों की जिंदगी को आरामदायक और आसान बनाए रखने, घर की व्यवस्था को बनाने के लिए ₹1000 की राशि हर महीने दी जाएगी। प्रदेश में सभी बहनें जो गरीब है, किसान परिवार से आती हैं। मध्यमवर्गीय हैं, जो आयकर दाता नहीं हैं, ऐसी सभी बहनों के खातों में हर महीने एक हजार रू की राशि सरकार जमा कराएगी। इस योजना के फार्म महिला दिवस आठ मार्च से भरवाए जाएंगे। फार्म भरने के लिए बहनों को परेशानी ना हो, इसके लिए गॉव में ही, वार्ड में ही जाकर फार्म भरवाएं जाएंगे। लाड़ली बहना योजना से सकारात्मक बदलाव आएंगे।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि, मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने तय किया कि प्रदेश की धरती पर जब बेटी जन्म लेगी तो वह लाड़ली लक्ष्मी होगी। इसके लिए लाड़ली लक्ष्मी योजना शुरू की। आज प्रदेश में 43 लाख 30 हजार से अधिक लाड़ली लक्ष्मी है। इन लाड़लियों को छठवीं कक्षा में प्रवेश लेने पर दो हजार रूपए, नौवीं में प्रवेश लेने पर चार हजार रूपए, 11वीं और 12वीं में प्रवेश लेने पर 6-6 हजार रूपए दिए जाते हैं। अब कॉलेज में प्रवेश लेने पर लाड़लियों को साढ़े बारह हजार रूपए तथा डिग्री पूरी करने पर भी साढ़े बारह हजार रूपए लाड़लियों को दिए जा रहे हैं। लाड़ली बेटियों का एडमीशन प्रायवेट मेडिकल कॉलेज, इंजीयनिंग कॉलेज या किसी अन्य उच्च शिक्षा में होने पर पूरी फीस प्रदेश सरकार द्वारा जमा की जाएगी। धन के अभाव में कोई भी लाड़ली शिक्षा से वंचित नहीं रहेगी। बेटी अब लाडली बिटिया बनकर प्रदेश और परिवार का नाम रोशन कर रही है। उन्होंने कहा कि बहनों को और सशक्त करने के लिए चुनाव में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया। स्थानीय निकाय के चुनाव में बहनें बड़ी संख्या में जीतकर आज अपनी निकायों, जनपदों में विकास के काम करा रही हैं। इसके अलावा नौकरियों में भी आरक्षण दिया गया है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार द्वारा किसानों के कल्याण के लिए, खेती के विकास के लिए ढेर सारे काम किए जा रहे हैं। प्रदेश में किसानों को एक साल में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 6 हजार रू तथा मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत 4 हजार रू कुल दस हजार रू की राशि प्रदान की जा रही है। किसानों को जीरो प्रतिशत ब्याज पर भी ऋण दिया जा रहा है, इसमें ब्याज की राशि बैंक में सरकार द्वारा जमा की जाती है। लगभग सवा दो साल में ही सरकार द्वारा 47 हजार 745 करोड़ रूपए जीरो प्रतिशत ब्याज के बैंकों में जमा किए गए हैं। इसके अलावा किसानों को फसलों को हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति राशि भी सरकार द्वारा प्रदान की जा रही है। पिछले दो साल में 17 हजार 140 करोड़ रूपए फसल बीमा के किसानों के खातों में जमा किए गए हैं।
इसके अलावा उद्यानिकी फसलों के 194 करोड़ 12 लाख रू, मुख्यमंत्री सोलर पम्प योजना के तहत 111 करोड़ रू किसानों के खातों में जमा किए गए। किसानों को पॉच हार्स पॉवर पम्प पर बिजली की 47 हजार रू सब्सिडी दी जाती है। जिससे किसानों को 3700 रूपए ही जमा करना होते हैं। किसान कल्याण योजना के तहत 6 हजार 489 करोड पहले जमा किए गए तथा आज 1465 करोड़ रू आज जमा किए गए हैं। पिछले दो सालों में लगभग दो लाख 25 हजार 837 करोड़ रूपए किसानों के खातों में दिए गए हैं।
विदिशा सांसद रमाकांत भार्गव ने कहा कि जननायक प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा लगभग 25 लाख हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र वितरण तथा मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत प्रदेश के 80 लाख किसानों को एक हजार 465 करोड़ रू बैंक खातों में अंतरित किए गए हैं। सांसद भार्गव ने कहा कि किसानों के हित में जो भी काम हो सकते हैं, वह मुख्यमंत्री चौहान द्वारा किए जा रहे हैं। पहले मध्यप्रदेश में किसानों को लगभग 18 प्रतिशत ब्याज दरों पर ऋण मिलता था, लेकिन मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने किसानों के हित में निर्णय लेते हुए जीरो प्रतिशत ब्याज पर ऋण देने का काम किया है। उन्होंने केन्द्र सरकार से खाद, बीज में भी सब्सिडी देने का आग्रह किया, जिससे किसानों को कम कीमत में खाद, बीज मिल रहा है। कार्यक्रम में खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने भी संबोधित किया।

Related Articles

Back to top button