दुर्गा उत्सव को 9 दिन शेष, सार्वजनिक चौक-चौराहों पर विराजेगी प्रतिमाएं

नवरात्रि पर्व : देवी प्रतिमाओं का अंतिम रूप देने में लगे मूर्तिकार, पंडाल बनाना किया शुरू
सिलवानी। नवरात्र प्रारंभ होने में 9 दिन शेष हैं। भक्तों ने नवरात्र की तैयारियां जोरों पर शुरू कर दी हैं। मूर्तिकार भी माता दुर्गा की प्रतिमा को अंतिम रूप दे रहे हैं। साथ ही नगर व आसपास के देवी मंदिरों में भी नवरात्र को लेकर तैयारियां चल रही हैं। नवरात्रि के पास आते ही दुर्गा प्रतिमाओं का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है। मूर्तिकार मां का रूप सजाने में लग गए हैं। दुर्गा उत्सव प्रारंभ होने में 9 दिन का समय ही रह गया है। क्षेत्र के अधिकांश चौक में माता के भक्तों द्वारा मां दुर्गा की प्रतिमा की स्थापना की जाती है। जिसके लिए नगर के विभिन्न मोहल्ले में प्रतिमा की स्थापना के लिए साज-सज्जा का कार्य जोरों पर है। नगर में नवरात्र को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी नवरात्र के अवसर पर नगर व आसपास के देवी मंदिरों में ज्योति कलश की स्थापना की जाएगी। सभी देवी मंदिरों में नवरात्र को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। नवरात्र के दौरान देवी मंदिरों में माता के दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहता है। इस दौरान जयकुमार साहू, नीरज साहू, महेन्द्र लोधी, राहुल प्रजापति आदि के द्वारा देवी जी की मूर्तियां बनाई जा रही है।



