शहर में पार्किंग जोन नहीं होने से आए दिन लग रहा जाम
ब्यूरो चीफ: शब्बीर अहमद
बेगमगंज । शहर की यातायात व्यवस्था दिनों दिन बिगड़ती जा रही है। शहर में कहीं भी पार्किंग जोन नहीं होने से लोग कहीं भी अपने वाहन खड़े करके गायब हो जाते है वहीं यात्री बस स्टाप चिन्हित नहीं होने से यात्री बस चालक कहीं भी यात्रियों को बिठाने के लिए बसे खड़ी करते हैं तथा हाथ ठेलों पर सामग्री बेचने वाले सड़क किनारे पुलियों के आग अपने ठेले खड़े करते है उक्त तीनों कारणों से दिन में मुख्य सागर भोपाल मार्ग पर फोरलेन मार्ग बन जाने के बावजूद कई बार जाम लगता है जिससे राहगीर तो परेशान होते ही है इमरजेंसी कार्य के लिए जा रहे लोगो को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार मरीज को ले जा रहे 108 वाहन भी फंस जाते है। चकला नाले से लेकर सुल्तानगंज तिगड्डे तक एक भी पार्किंग नहीं है और न ही यात्री बसों के लिए कोई बस स्टाप है। पार्किग के लिए दशहरा मैदान के बाद कृषि फार्म के सामने ही सिर्फ पार्किंग की जगह है जहां पर भी स्थायी तौर पर वाहन व मवेशी अपना डेरा जमाए रहते है। पार्किंग नहीं होने से लोगो की आदत में भी नहीं है कि मैदान में वाहन खड़े कर खरीदारी के लिए जाएं। बस स्टैंड पर पुलिस चौकी से लगकर ही लोग अपने दो पहिया वाहन खड़े करके चले जाते है कई बार पुलिस जवानों को वे वाहन हटाना मजबूरी बन जाता है। स्टेट बैंक से लेकर बीएम कंपनी तक भारी घमासान वाहनों का रहता है। अनाज से भरी ट्रालियों के हर कहीं खड़े होने व यात्री बसों के जगह जगह स्टाप लेने से दिन में दर्जनों बार जाम की स्थिती बनती है। कई बार यातायात पुलिस व नगर सैनिको को आकर व्यवस्था संभालना पड़ती है। लेकिन जाम का कारण बनने वालों पर सख्त कार्रवाई नहीं होने के कारण व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही है। क्या कहते हैं लोग:- छात्रा सुमन लोधी, रोशनी पंथी, कविता ठाकुर का कहना है कि आए दिन एमएलव्ही गर्ल्स स्कूल जाते समय मुख्य मार्ग पर जाम मिलता है मजबूरी में गलियों से होकर गुजरना पड़ता है जहां मनचलों की छींटाकशी का शिकार होते है। नगर में पार्किंग जोन बनना चाहिए ताकि हर कहीं कोई वाहन न खड़ा कर सके। चांद मिया एड., रिटायर्ड प्राचार्य विद्यानंद शर्मा, समाज सेवी शिवनारायण नीखरा, रिटायर्ड पटवारी मंशाराम पंथी, साहित्यकार प्रदीप सोनी शून्य, पवन दुबे, मुजाहिद अहमद, राशिद मंसूरी, चंद्रेश जैन, मनोज चौरसिया आदि का कहना है कि नगर में पार्किंग जोन बनना तथा बसों के स्टाप के लिए जगह चिन्हित करना जरूरी है। ताकि यातायात सुगम बन सके अभी कई बार ऐसी स्थिती बनती है कि जाम में फस जाते है जिस कारण कई लोग न्यायालय में पेशी पर देरी से पहुंच पाते है। तो कई मरीजों को जाम में फंस पर समय पर उपचार नहीं मिल पाता है।
क्या कहते है जन प्रतिनिधी:- क्षेत्रीय विधायक व पूर्व लोक निर्माण मंत्री ठाकुर रामपालसिंह राजपूत का कहना है कि नगर में फोर लेन मार्ग का काम पूरा हो गया है शीघ्र ही पार्किंग जोन व बस स्टाफ सुनिचित कराए जाएगें ताकि यातायात में बाधा उत्पन्न न हो सके।




