साईंखेड़ा के दो परीक्षा केंद्रों पर 988 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
रिपोर्टर : बृजेन्द्र कुशवाहा
साईंखेड़ा । 1 मार्च से प्रारंभ हो रही हाईस्कूल परीक्षा में दो परीक्षा केंद्रों पर कुल 461 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसी तरह 2 मार्च से होने वाली हायर सेकंडरी परीक्षा में कुल 527 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इस तरह दोनों परीक्षाओं में कुल 988 परीक्षार्थी सम्मिलित हो रहे हैं। इस वार नगर के सर्व सुविधायुक्त सीएम राइज स्कूल को परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया है। सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साईंखेड़ा के परीक्षा केंद्र पर केन्द्र अध्यक्ष प्राचार्य अनूप शर्मा और सहायक केंद्र अध्यक्ष प्रसन्न दुबे नियुक्त किए गए हैं । परीक्षा केंद्र क्रमांक 73 2041 सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साईंखेड़ा पर कक्षा दसवीं में 284 छात्र एवं कक्षा 12वीं में 317 छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। इस केंद्र पर नगर के सीएम राइज स्कूल साईंखेड़ा के साथ, सेंट्रल पब्लिक अकैडमी एवं आदर्श विद्यापीठ साईंखेड़ा के छात्र परीक्षा में बैठ रहे हैं।
इसी तरह आदर्श विद्यापीठ में बनाए गए परीक्षा केंद्र पर हाई स्कूल परीक्षा में 177 तथा हायर सेकंडरी परीक्षा में 210 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। यहां पर रामनारायण उपाध्याय को केंद्र अध्यक्ष बनाया गया है। इस परीक्षा केंद्र पर चैतन्य विद्यापीठ के साथ सरस्वती स्कूल और एसवीआईपी स्कूल के परीक्षार्थी शामिल होंगे। सोमवार को दोनों परीक्षा केंद्रों पर पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें केन्द्र अध्यक्ष और सहायक केंद्र अध्यक्ष, सी के विश्वकर्मा प्राचार्य सीएम राइज स्कूल, बीआरसीसी संदीप स्थापक की उपस्थिति में पर्यवेक्षकों को परीक्षा संबंधी निर्देश दिए गए। प्रशिक्षण में बताया गया कि इस वार परीक्षा में सप्लीमेंट्री काफी नहीं दी जाएगी। उसकी जगह 32 पेज की उत्तर पुस्तिका दी जा रही है, जिसमें क्यूआर कोड अंकित रहेगा। कुछ विषयों में ओएमआर शीट वाली उत्तर पुस्तिका दी जाएंगी। परीक्षा में नकल रोकने के सारे प्रबंध किए गए हैं।



