चलते ट्रैक्टर में पीछे से टकराई कार, तहसील के बाबू की मौत
राष्ट्रीय राजमार्ग 45 पर खिरिया पुल के आगे हुई घटना
रिपोर्टर : प्रशांत जोशी
उदयपुरा । बुधवार रात्रि लगभग 10 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग 45 पर बरेली से उदयपुरा की तरफ आ रही ऑल्टो कार क्रमांक MP 38 CA 2617 आगे जा रहे एक ट्रैक्टर- ट्रॉली से टकरा गई। जिसमें एक युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
उप निरीक्षक परवेज रिजवी ने बताया कि मृतक की पहचान उदयपुरा तहसील कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर पदस्थ राजेश धाकड़ पिता जुगलकिशोर धाकड़ उम्र 40 वर्ष निवासी ग्राम पटना के रूप में हुई है। वे बुधवार रात बरेली से उदयपुरा स्थित अपने घर आ रहे थे। तभी राष्ट्रीय राजमार्ग 45 पर खिरिया पुल टोल प्लाजा के पास आगे जा रहे ट्रैक्टर ट्रॉली से उनकी तेज रफ्तार कार टकरा गई। जिससे राजेश धाकड़ को गंभीर चोटें आई और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद शव को कार से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुरा लाया गया। जहां गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग पंजीबद्ध कर मामला जांच में लिया है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा करवा दिया है।
इस मामले में मृतक राजेश धाकड़ के परिजनों ने बताया कि बुधवार को राजेश शाम चार बजे अपनी ड्यूटी कर बरेली गए थे। जहां से वह रात्रि लगभग 9.15 बजे उदयपुरा के लिए निकले थे। राजेश अपने पीछे माता-पिता, बड़े भाई सहित एक बालक और एक बालिका छोड़ गए हैं।



