बडवारा में उपखंड अधिकारी की पदस्थापना के लिए कलेक्टर ने भोपाल भेजा प्रस्ताव

शहडोल सांसद ने लिखा था पत्र
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । तहसील बड़वारा में उपखंड अधिकारी की पदस्थापना के लिए कलेक्टर कटनी ने प्रमुख राजस्व आयुक्त भोपाल को प्रस्ताव भेजा है । इसकी स्वीकृति मिलने के बाद बडवारा में उपखंड अधिकारी की पदस्थापना होगी । उल्लेखनीय है शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह ने तहसील बड़वारा में उपखंड अधिकारी की पदस्थापना के लिए कलेक्टर कटनी को बीते 2 दिसंबर को पत्र लिखा था। जिसमें उल्लेखित किया गया था कि तहसील बड़वारा में उपखंड अधिकारी की पदस्थापना नहीं होने से ग्रामीणजनों को दैनिक प्रशासकीय कार्यों में परेशानी होती है । वर्तमान में तहसील बड़वारा उपखंड अधिकारी कटनी के अधीन है, जो कि सप्ताह में केवल एक ही दिन उपस्थित हो पाते हैं । भू राजस्व संहिता की धारा 13 उपधारा (3) के अनुसार, जब तक राज्य सरकार अन्यथा निर्देशित न करे, प्रत्येक तहसील उपखंड भी होगी तहसीलदार के अधिकारिता क्षेत्र के प्रसंग में यह क्षेत्र तहसील होगा और उपखंड अधिकारी के सन्दर्भ में वही उपखंड होगा । सांसद श्रीमति सिंह ने आम जनता की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए तहसील बड़वारा में उपखंड अधिकारी की पदस्थापना की मांग की है । सांसद प्रतिनिधि पदमेश गौतम ने बताया कि लंबे समय से बडवारा तहसील में उपखंड अधिकारी की पदस्थापना की माँग की जा रही है। पदस्थापना से ग्रामीणों को प्रशासनिक कार्यों में सुविधा मिलेगी ।



