घंटाघर जबलपुर में विभिन्न संगठनों का प्रदर्शन, कलेक्टर व एसपी को सौंपा गया ज्ञापन

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । शहर के घंटाघर में सोमवार को अखिल भारतीय ओबीसी महासभा, ओबीसी-एससी-एसटी संयुक्त मोर्चा एवं समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हुए। प्रदर्शन के बाद कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) को विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया ।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से जबलपुर कृषि मंडी में किसानों के साथ अभद्रता करने वाले व्यापारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए उसका लाइसेंस निरस्त करने की मांग की गई। साथ ही गेहूं खरीदी प्रक्रिया में आ रही समस्याओं—जैसे स्लॉट बुकिंग, बिलिंग, फिंगरप्रिंट, स्लॉट कैंसिलेशन एवं सर्वर संबंधी दिक्कतों—को शीघ्र सुधारने की मांग उठाई गई । इसके अलावा मंडियों में कमीशनखोरी पर रोक लगाने की बात भी कही गई।
प्रदर्शनकारियों ने सिहोरा तहसील के नुंजी-शैलवारा सोसायटी पर लगे प्रतिबंध को हटाकर वहां खरीदी केंद्र शुरू करने की मांग रखी। साथ ही आगामी खरीफ सीजन के लिए धान की फसल हेतु पर्याप्त खाद की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया ।
ज्ञापन में कृषि से जुड़ी बिजली समस्याओं—जैसे हॉर्सपावर लोड, ट्रांसफार्मर, खंभे, तार एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति—को जल्द ठीक करने की मांग की गई । राजस्व विभाग के कार्यों को सरल एवं समयबद्ध करने तथा गांवों में ग्राम सेवक और पटवारियों की सप्ताह में 5 दिन उपस्थिति सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई।
इसके अतिरिक्त, अनाज के लिए एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) को कानूनी दर्जा देने एवं समर्थन मूल्य पर खरीदी की संपूर्ण व्यवस्था में सुधार की मांग की गई ।
ज्ञापन में एक अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे के रूप में छत्रपति शिवाजी महाराज पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई । साथ ही पाटन लोहारी निवासी अविनाश पटेल पर किसी प्रकार का दबाव न बनाए जाने की भी अपील की गई।
इस दौरान एडवोकेट इंद्रकुमार पटेल, डॉ. सत्येंद्र यादव, नोकेलाल प्रजापति, ओबीसी जिलाध्यक्ष जितेंद्र कुमार कुर्मी, श्रीमती माया हुरमाड़े, राजेश यादव, इमरत लाल नूनिया, घनश्याम यादव, संतकुमार पटेल, रोहित यादव, दीपक यादव, अनिल पटेल, बबलू नागर, ललित पटेल, लखन पटेल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



