सेवानिवृत्त हुए प्रधानाध्यापक को समारोह पूर्वक विदाई

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । शासकीय माध्यमिक शाला महगवां टप्पा के प्रधानाध्यापक भैयालाल सराठे 42 वर्षों की सेवा के उपरांत सेवानिवृत्त हो गए। उन्होंने अपने लंबे शैक्षिक जीवन में विभिन्न विद्यालयों में शिक्षण कार्य को दक्षता और समर्पण के साथ निभाया। विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण, अनुशासन तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा ।
सन् 1983 में सांची विकासखंड के गुंदरई कॉलोनी विद्यालय से आपने अपने सेवाकाल की शुरुआत की। इसके पश्चात् 1996 से उमरखोह, 2013-14 में पडरिया राजधार तथा 2014 से महगवा टप्पा विद्यालयों में सेवाएं देते हुए विद्यार्थियों को संस्कार, ज्ञान और मार्गदर्शन प्रदान किया।
उनके सम्मान में विद्यालय परिसर में सेवानिवृत्ति समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र- छात्राओं और विद्यालय स्टाफ ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी कृतज्ञता प्रकट की।
समारोह में वरिष्ठ शिक्षक ने कहा कि भैयालाल सराठे सदैव शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों में संस्कार और अनुशासन का संचार करते रहे, वे हम सबके लिए प्रेरणा हैं।” वहीं एक छात्रा ने भावुक होकर कहा— सर हमारे लिए केवल शिक्षक ही नहीं, बल्कि मार्गदर्शक और अभिभावक जैसे रहे।
समारोह के अंत में समस्त विद्यालय परिवार ने उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट कर उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएँ दीं।
अपने विदाई समारोह से अभिभूत होते हुए भैयालाल सराठे ने जाने अनजाने में हुई किसी भी भूल के लिए क्षमा मांगते हुए कहा की सेवा से जरूर निवृत्त हो रहा हूं लेकिन आप सब से जो पारिवारिक संबंध बन गए हैं उन्हें जीवन की आखिरी सांस तक निभाने का भरपूर प्रयास करूंगा।



