हादसा : मकान में जिंदा जली दिव्यांग बुजुर्ग महिला, आग ने सब कुछ जला दिया
ब्यूरो चीफ : मनीष श्रीवास
जबलपुर । जबलपुर जिले के गोहलपुर थाना अंतर्गत आने वाला रजा चौक मोहल्ला में सुबह सुबह एक दिव्यांग महिला की आग जलने से हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। इस अचानक हुई घटना से मृतक वृद्धा की चित्कार से पूरा मोहल्ला दहल गया । घटना इतनी भयंकर थी कि कुछ ही पल में आग ने विकराल रुप ले लिया । इस आग की लपटों से कोई भी उसे बचाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। घटित हुई घटना को लेकर स्थानीय समाज के लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी और तत्काल मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के अमले ने आग पर काबू पाते हुए दिव्यांग बुजुर्ग महिला को जली हुई हालत में बाहर निकाला। इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ था ।
सहायक फायर अधीक्षक राजेंद्र पटेल ने बताया कि रजा चौक स्थित जुबेरा बी के मकान में सितारा बेगम किराए से उस मकान में अकेली रहती हैं । उम्र अधिक वृद्ध और बीमार होने के कारण चलने-फिरने में असमर्थ थी। जिससे उनके घर में आज 24 अप्रैल की सुबह 6.15 मिनट पर शॉर्ट सर्किट से आग लगी और चंद मिनटों में ही पूरे घर में फैल गई। आग लगने के बावजूद भी वृद्धा पलंग से नहीं उठ पायी और वह जिंदा जल गई।
सूचना मिलते ही तीन दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और आग बुझाई लेकिन तब तक वृद्धा के साथ गृहस्थी का पूरा सामान भी जल गया था। वही स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में रहने वाले एक लड़के ने अंदर घुसने का प्रयास किया तो उसके हाथ भी जल गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर दिव्याग बुजुर्ग महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया । पुलिस ने घटना व मृतक की जांच पड़ताल शुरु कर दी गई है ।



