होली का पर्व परंपरागत रूप से मनाया गया पूरे जिले में निकल गए जुलूस

सामाजिक और राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता जोश खरोश के साथ हुए शामिल
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । नगर में होली का पर्व परंपरागत ढंग से मनाया गया। इस अवसर पर सुबह से ही होली खेलने लोग मैदान में उतर गए और हर इलाके में महिला पुरुष बच्चे होली के रंग में डूबे नजर आए।
महिलाओं ने जहां होली पर्व को यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी तो वहीं दूसरी तरफ पुरुष भी पीछे नहीं रहे। जमकर पूरे क्षेत्र में लोग रंग में डूबे रहे और होली को यादगार बनाया।
आपसी प्रेम और भाईचारे का प्रतीक रंगों का त्यौहार धुलेंडी आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ मनाया गया।
साम्प्रदायिक सद्भाव की मिसाल कायम करने वाले इस शहर में अनेक स्थानों पर कई लोग घोर विरोधी होने के बावजूद अपना विरोध भूलकर एक दूसरे को गुलाल लगाते देखें गए दोपहर तक चलने वाले इस त्योहार के बाद शहर के आसपास की बगीचों, सिद्ध स्थानों नदी व तालाबों पर होली खेलने वाले बुजुर्गों व युवाओं का जमावड़ा शुरू हो गया जहां लोगों ने भोजन आदि पकवान बनाकर अलग- अलग टोलियां में भोजन का आनंद लिया। होली के पावन त्योहार पर लोगों ने गिले शिकवे भुलाकर पावन त्योहार मनाया।
शहर सहित- आसपास के गांवों में होली व धुलेंडी का पर्व हर्षोल्लास से मना।
होली पर देवालयों में दिन भर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। आराध्य देव की पूजा अर्चना कर श्रद्धालुओं ने सुख समृद्धि की मन्नतें मांगी। गत कई वर्षों से चलाए जा रहे तिलक होली महा अभियान का व्यापक प्रचार प्रसार देखने को मिला और लोगों ने सूखी होली मनाकर लाखों लीटर पानी की बचत की।
जिला मुख्यालय पर जहां कलेक्टर होली के रंग में रंगे नजर आए वहीं कई राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता पत्रकारगण भी जुलूस में शामिल हुए बेगमगंज में हिंदू उत्सव समिति के तत्वाधान में पुराना बस स्टैंड से होली का जुलूस निकाला गया जो गांधी बाजार, कबीट चौराहा, माला फाटक, काजी मोहल्ला, मुकरबा, पक्का फाटक, गणेश मंदिर से होता हुआ वापिस पुराना बस स्टैंड पर आकर समाप्त हुआ।
राजस्व एवं पुलिस अमला पूरी तरह चाक चौबंद नजर आया।


