वैन कुएं में गिरी, 12 की मौतः बाइक से टकराने के बाद हादसा
बचाने गए ग्रामीण की जहरीली गैस से जान गई
मंदसौर । रविवार को मध्यप्रदेश के मंदसौर में ईको वैन बाइक से टकराकर कुएं में गिर गई। इस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चों समेत 4 लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम डॉ. मोहन यादव ने दुख जताया है।
रविवार दोपहर करीब एक बजे जिले के नारायणगढ़ थाना क्षेत्र में बूढ़ा टकरावद फंटे के पास यह हादसा हुआ। वैन सवार करीब 14 लोग उज्जैन जिले के उन्हेल से नीमच जिले के मनासा क्षेत्र के आंतरी माता मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। तभी वैन की एक बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही वैन बेकाबू हो गई और कुएं में जा गिरी।
इस हादसे में वैन में सवार 14 में से 10 लोगों की जान चली गई। इसके अलावा एक बाइक सवार और एक शख्स जो बचाव कार्य के लिए कुएं में उतरा था, उसकी भी मौत हो गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने अपने स्तर पर रेस्क्यू शुरू किया। थोड़ी ही देर में पुलिस और प्रशासन की टीम भी पहुंची। एसडीईआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। टीम रस्सियों के सहारे कुएं में उतरी और रेस्क्यू ऑपरेशन किया।
मौके पर क्रेन भी बुलाई गई। क्रेन की मदद से वैन को कुएं से बाहर निकाला गया। जिसके बाद मोटर लगाकर कुएं का पानी निकाला। टीम ने 4 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, वहीं एक-एक कर 11 शव भी बाहर निकाले गए। मृतकों में कार सवारों को बचाने के लिए कुएं में उतरा ग्रामीण मनोहर सिंह भी शामिल है।
वैन के कुएं में गिरने के बाद मनोहर सिंह नाम के शख्स लोगों को बचाने कुएं में उतर गए थे। इन्होंने 4 लोगों को कुएं से बाहर भी निकाला। लेकिन इस दौरान कुएं में बनी जहरीली गैस से इनकी मौत हो गई। 42 साल के मनोहर सिंह मंदसौर जिले के नारायणगढ़ के दोरवाड़ी के रहने वाले थे।
घटना स्थल पर उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा भी पहुंचे थे। उन्होंने रेस्क्यू को लेकर टीम को जरूरी निर्देश दिए। इधर, सीएम डॉ. मोहन यादव ने भी हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता कोष से प्रत्येक मृतक के परिवार को 2-2 लाख रुपए, गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपए और सामान्य रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि देने के निर्देश दिए।
दुर्घटना में प्रशासन ने की 10 मौतों की पुष्टि
मृतकों के नाम…
1 मनोहर सिंह – (जिन्होंने बचाव के दौरान अपनी जान गवाई) निवासी संजीत जिला मन्दसौर
2 – गोबर सिंह (मोटरसाइकिल सवार) निवासी सीतामऊ जिला मन्दसौर
इको वाहन सवार
3 कन्हैयालाल कीर निवासी जोगिपिपलिया जिला रतलाम
4 नागू सिंह निवासी जोगिपिपलिया जिला रतलाम
5 पवन कीर निवासी खोजनखेड़ा जिला रतलाम
6 धर्मेंद्र सिंह निवासी खोजनखेड़ा जिला रतलाम
7 आशा बाई निवासी खोजनखेड़ा जिला रतलाम
8 मधु बाई निवासी खोजनखेड़ा जिला रतलाम
9 मांगू बाई निवासी खोजनखेड़ा जिला रतलाम
10 राम कुंवर निवासी खोजनखेड़ा जिला रतलाम



