16 सितम्बर को कटनी नगर में होगा विशाल मंचीय कार्यक्रम, बैठक में जुटे सैकड़ों कार्यकर्ता

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान* । विश्व हिंदू परिषद के स्थापना दिवस के अवसर पर आगामी 16 सितम्बर को कटनी नगर में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वावधान में भव्य मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को व्यापक एवं ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से संगठन द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। स्थापना दिवस समारोह में समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं को विशेष जिम्मेदारियां भी सौंपी जाएंगी।
विश्व हिंदू परिषद की स्थापना भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व के अवसर पर वर्ष 1964 में हुई थी। स्थापना दिवस के इसी पावन अवसर को स्मरण करते हुए प्रतिवर्ष संगठन द्वारा विभिन्न स्तरों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस वर्ष भी कटनी नगर में स्थापना दिवस समारोह को बृहद स्वरूप में आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
*जोबियल स्कूल संत नगर में हुई महत्वपूर्ण बैठक*
स्थापना दिवस कार्यक्रम की तैयारियों एवं रूपरेखा को लेकर विगत दिवस रविवार को जोबियल स्कूल, संत नगर में विश्व हिंदू परिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक निर्धारित समय पर प्रारंभ हुई, जिसमें संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान आगामी 16 सितम्बर को आयोजित होने वाले स्थापना दिवस कार्यक्रम की रूपरेखा, मंचीय आयोजन, समाज की सहभागिता तथा अधिक से अधिक लोगों तक कार्यक्रम का संदेश पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं से आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी सक्रियता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया।
*संगठन आज पूरे विश्व में कर रहा कार्य — राहुल दुबे*
बैठक को संबोधित करते हुए बजरंग दल के प्रांत सह संयोजक राहुल दुबे ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद आज केवल एक संगठन नहीं, बल्कि हिंदू समाज की सेवा, सुरक्षा, संस्कार और संगठन के लिए निरंतर कार्य करने वाली एक सशक्त वैश्विक शक्ति के रूप में स्थापित हो चुका है।
उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू परिषद की स्थापना कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर वर्ष 1964 में हुई थी और स्थापना दिवस के निमित्त प्रत्येक वर्ष विभिन्न प्रखंडों एवं क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं। इस वर्ष भी स्थापना दिवस समारोह को व्यापक और भव्य स्वरूप में आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
राहुल दुबे ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हम उस संगठन के कार्यकर्ता हैं, जिसे किसी पहचान की आवश्यकता नहीं है। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल समाज के बीच रहकर समाजहित, सेवा और संगठन के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहते हैं। संगठन की पहचान उसके कार्यों और समाज के प्रति उसके समर्पण से बनी है।
*अधिक से अधिक समाजजन को जोड़ने का आह्वान*
बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं द्वारा विश्व हिंदू परिषद स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले मंचीय कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में समाजजनों की सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया। सभी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में संपर्क अभियान चलाकर लोगों को कार्यक्रम की जानकारी देने और बड़ी संख्या में उपस्थित होने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि स्थापना दिवस केवल संगठन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने और संगठन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर है। इसी उद्देश्य के साथ 16 सितम्बर को कटनी नगर में आयोजित होने वाले मंचीय कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जाएंगी।
बैठक के दौरान संगठन की कार्यप्रणाली, आगामी कार्यक्रमों तथा स्थापना दिवस समारोह को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने के लिए पूर्ण मनोयोग से कार्य करने का संकल्प लिया।
अंत में शांति मंत्र के साथ बैठक का विधिवत समापन किया गया



