मध्य प्रदेश

पिकअप-बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में 17 वर्षीय छात्र गंभीर घायल

अस्पताल में चिकित्सक के व्यवहार को लेकर परिजनों से विवाद की स्थिति बनने का आरोप
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान।  उमरियापान- ढीमरखेड़ा मार्ग पर मंगलवार शाम तेज रफ्तार पिकअप और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई । हादसे में बाइक सवार 17 वर्षीय छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया ।  सूचना मिलते ही उमरियापान पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया ।  यहां प्राथमिक उपचार के बाद छात्र की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जबलपुर रेफर कर दिया गया ।  परिजन उसे जबलपुर के एक निजी अस्पताल में आईसीयू में भर्ती कराकर उपचार करा रहे हैं ।
*किताबें खरीदकर गांव लौट रहा था छात्र*
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उमरियापान थाना क्षेत्र के ग्राम महनेर निवासी शिवम चौधरी, पिता शरमन लाल चौधरी, बाइक से उमरियापान किताबें खरीदने आया था ।  खरीदारी करने के बाद शाम करीब 7 बजे वह अपने गांव लौट रहा था ।  इसी दौरान बुद्धा कबाड़ी और माधव मैरिज गार्डन के बीच ढीमरखेड़ा की ओर से आ रही पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 21 जी 2141 से उसकी बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई ।  टक्कर इतनी जोरदार थी कि शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया ।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए सड़क पर जाम जैसी स्थिति निर्मित हो गई ।  सूचना मिलने पर उमरियापान पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्र को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया ।
*अस्पताल में चिकित्सक के व्यवहार को लेकर विवाद*
घायल छात्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उमरियापान लाए जाने के दौरान चिकित्सक डॉ. विकास के मौके पर मौजूद नहीं होने की बात सामने आई । परिजनों के अनुसार, कई बार आवाज लगाने के बाद चिकित्सक पहुंचे, जिसके बाद उनके और आक्रोशित परिजनों के बीच विवाद की स्थिति बन गई ।  बताया जा रहा है कि मामला झूमाझटकी तक पहुंचने की नौबत आ गई ।
क्षेत्रवासियों ने चिकित्सक के व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि इस तरह की स्थिति पहले भी सामने आ चुकी है ।  उनका कहना है कि गंभीर मरीजों के उपचार के दौरान चिकित्सकों का संवेदनशील और जिम्मेदार व्यवहार बेहद जरूरी है ।  लोगों ने अस्पताल में बेहतर व्यवस्था और मरीजों के प्रति उचित व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की है।
*जबलपुर में आईसीयू में चल रहा उपचार*
हादसे में छात्र शिवम के सिर में गंभीर चोट आई है ।  इसके अलावा हाथ-पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं ।  उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजन उसे जबलपुर के निजी अस्पताल ले गए, जहां आईसीयू में उसका उपचार जारी है ।
पुलिस ने हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है ।  दुर्घटना के कारणों और पिकअप चालक की भूमिका की जांच की जा रही है ।

Related Articles

Back to top button