मध्य प्रदेश

दवा युक्त गेहूं की दुर्गंध से 5 वर्षीय मासूम की मौत, तीन बच्चों की हालत गंभीर

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह। जिले के हिण्डोरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आनु में एक दर्दनाक हादसे में 5 वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि उसके तीन भाई-बहन गंभीर रूप से बीमार हो गए। चारों बच्चों को उपचार के लिए जिला अस्पताल दमोह लाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान धर्मेंद्र प्रजापति (5 वर्ष) पिता माखन प्रजापति के रूप में हुई है। वहीं रीना (3 वर्ष), दिनेश (7 वर्ष) और दीपक (9 वर्ष) की हालत गंभीर बनी हुई है तथा जिला अस्पताल में उनका उपचार जारी है।
परिजनों के अनुसार चारों बच्चे शुक्रवार रात एक कमरे में सो रहे थे। उसी कमरे में कीटनाशक दवा से उपचारित गेहूं रखा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि गेहूं से निकल रही तीव्र दुर्गंध या विषैले प्रभाव के कारण बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल में डॉ. मधुर चौधरी, डॉ. ललिता, डॉ. राजेश नामदेव, डॉ. सुनील जैन सहित चिकित्सकों की टीम बच्चों के उपचार में जुटी हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बच्चों के बीमार होने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक और चिंता का माहौल है।

Related Articles

Back to top button