मध्य प्रदेशहेल्थ

8 साल की बच्ची ने निगला 5 रुपए का सिक्का गले में जाकर फंसा

टीकमगढ़ जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने दूरबीन पद्धति से निकाला
रिपोर्टर : मनीष यादव
टीकमगढ़ । जिला अस्पताल में बुधवार को पहली बार दूरबीन पद्धति से बच्ची का सफल इलाज किया गया। 8 साल की भूमि सिंह ने खेल-खेल में 5 रुपए का सिक्का निगल लिया था। वह उसके गले में जाकर फंस गया। डॉक्टरों ने महज 10 मिनट चले ऑपरेशन के बाद सिक्का गले से बाहर निकाल दिया। फिलहाल बच्ची पूरी तरह से स्वस्थ है।
जिला अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि बड़ागांव निवासी भरत सिंह की 8 साल की बेटी भूमि सिंह ने खेल-खेल में 5 रुपए का सिक्का निगल लिया था। परेशानी की हालत में परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल आए। इसके बाद तत्काल बच्ची का एक्स-रे कराया गया।
दूरबीन पद्धति से निकाला सिक्का
उन्होंने बताया कि ऑपरेशन के लिए सिविल सर्जन सहित वरिष्ठ डॉक्टरों से परामर्श लिया गया। इसके बाद शाम करीब 5 बजे बच्ची को ऑपरेशन थिएटर में ले जाकर दूरबीन पद्धति से बच्ची के गले में फंसा 5 रुपए का सिक्का निकाला गया।
डॉ अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि पूरी प्रक्रिया में 10 से 15 मिनट का समय लगा। दूरबीन पद्धति से गले में फंसा सिक्का निकालने में सिर्फ 1 से 2 मिनट लगे। ऑपरेशन के बाद बच्ची को लेकर डॉक्टरों की देखरेख में भर्ती किया गया है। इलाज के बाद भूमि पूरी तरह से स्वस्थ है। डॉक्टर ने बताया कि रात में ही उसे डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button