मध्य प्रदेश

85 की उम्र पार कर चुके मतदाता और दिव्यांगजन कर सकेंगे घर से मतदान

घर -घर जाकर पहुॅचाया जायेगा 12 डी फार्म
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान | भारत निर्वाचन आयोग द्वारा इस लोकसभा चुनाव में पहली बार यह व्यवस्था की जा रही है कि 85 वर्ष से ज्यादा उम्र के मतदाता और जो 40 फीसदी से ज्यादा दिव्यांगता वाले मतदाता है, उनके घर मे 12 डी फार्म पहुँचाया जायेगा । इसमें मतदाता की स्वेच्छा रहेगी कि वह फॉर्म भरे या न भरे। वह मतदान केन्द्र पर भी जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकता है ।
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी साधना परस्ते ने बताया कि चुनाव घोषणा के बाद नोटिफिकेशन जारी होने के अगले पांच दिवसो में 85 वर्ष से अधिक आयु वाले वरिष्ठ नागरिक एवं 40 प्रतिशत से अधिक विशेष डिसएबिलिटी वाले दिव्यांगजन मतदाताओं से डाक मतपत्र से मतदान देने का विकल्प लिया जाना है। इस हेतु इस श्रेणी के मतदाताओं को फार्म 12 डी का वितरण बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर किया जाकर पावती प्राप्त की जायेगी। इस दौरान यदि निर्वाचक घर पर नही मिलता है, तो बीएलओ अपना कॉन्टेक्ट विवरण अनिवार्य रूप से निर्वाचक के घर पर देंगे ताकि अधिसूचना के 5 दिनों के भीतर फार्म 12 डी विकल्प देने पर एकत्र कर लिया जाये ।
संसदीय क्षेत्र शहडोल की विधानसभा बड़वारा हेतु अंतिम तिथि 24 मार्च
संसदीय क्षेत्र 12-शहडोल अ.ज.जा (विधानसभा क्षेत्र 91-बड़वारा) के लोकसभा निर्वाचन हेतु 85 वर्ष से अधिक एवं 40 प्रतिशत से अधिक विशेष डिसएबिलिटी वाले दिव्यांगजन मतदाता डाक मतपत्र से मतदान का विकल्प 24 मार्च 2024 तक सहायक रिटर्निंग अधिकारी को प्रस्तुत कर सकते है ।
संसदीय क्षेत्र खजुराहो की तीन विधानसभा हेतु अंतिम तिथि 1 अप्रैल
संसदीय क्षेत्र 08-खजुराहो की विधानसभा क्षेत्र 92- विजयराघवगढ़ 93- मुड़वारा तथा 94-बहोरबंद के लोकसभा निर्वाचन हेतु 85 वर्ष से अधिक एवं 40 प्रतिशत से अधिक विशेष डिसएबिलिटी वाले दिव्यांगजन मतदाता डाकमत पत्र से मतदान का विकल्प 1 अप्रेल तक संबंधित विधानसभा के सहायक रिर्टर्निंग अधिकारियों को प्रस्तुत कर सकते हैं ।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा अनुपस्थित श्रेणी के मतदाताओ का मतदान प्रतिशत बढ़ाने के सतत् प्रयास किये जा रहे है।

Related Articles

Back to top button