नि:शुल्क नेत्र शिविर में 97 मरीजों की जांच, 27 के मोतियाबिंद ऑपरेशन होंगे
सिलवानी। सिविल हॉस्पिटल में सोमवार को नि:शुल्क नेत्र शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर जिला अंधत्व निवारण समिति एवं आरपी फाउंडेशन के सहयोग से तथा भोपाल पीपुल्स हॉस्पिटल भानपुर के सौजन्य से आयोजित किया गया।
शिविर में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरएस पटेल (सिलवानी), उप जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आरपी तिवारी (रायसेन) तथा नेत्र चिकित्सा सहायक नवल किशोर की उपस्थिति में मरीजों की जांच की गई। वहीं पीपुल्स हॉस्पिटल की ओर से नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. आशुतोष, जनसंपर्क चिकित्सा अधिकारी संजय मुड़िया एवं अनस खान की टीम ने भी शिविर में सहयोग दिया।
शिविर के दौरान 97 मरीजों की आंखों की जांच की गई, जिनमें से 27 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया। चयनित सभी मरीजों को नि:शुल्क बस के माध्यम से पीपुल्स हॉस्पिटल भानपुर, भोपाल भेजा गया, जहां उनके ऑपरेशन किए जाएंगे।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ऐसे शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को नेत्र संबंधी समस्याओं का समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे अंधत्व की समस्या को कम करने में मदद मिल रही है।



