प्रस्फुटन समितियों का क्षमता वर्धन प्रशिक्षण आयोजित

सिलवानी। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्था ग्राम पटना विकास प्रस्फुटन समिति, सेक्टर चन्दनपीपलिया द्वारा ग्राम पटना में प्रस्फुटन समितियों का एक दिवसीय क्षमता वर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का परिचय एवं स्वागत किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जन अभियान परिषद के ब्लॉक समन्वयक वीरेन्द्र यादव तथा परामर्शदाता दशरथ कुशवाहा उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान प्रस्फुटन समितियों को जन अभियान परिषद के गठन के उद्देश्य, योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई।
इसके साथ ही समग्र ग्राम विकास की अवधारणा, प्रस्फुटन समितियों के दस्तावेजीकरण तथा शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में उनकी भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। परामर्शदाता दशरथ कुशवाहा ने समितियों को आदर्श ग्राम के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारियों एवं नवांकुर सखी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण के उपरांत उपस्थित प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम का मंच संचालन एवं आभार प्रदर्शन नवांकुर समिति के सचिव प्रेमनारायण कुशवाहा द्वारा किया गया।



