क्राइम

फ़ोन-पे पर कूपन कोड के द्वारा कैश बैक का लालच देकर 62,000/- रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी

सायबर सेल ने तत्काल कार्यवाही करते हुए फरियादिया को लौटाएं 50,000/- रुपये।
रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
बुरहानपुर ।
फ़ोन-पे पर कूपन कोड के द्वारा कैश बैक का लालच देकर फरियादिया के साथ 62,000/- रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी। सायबर सेल ने तत्काल कार्यवाही करते हुए एयर-पे में हुए ट्रांजेक्शन को फ्रीज़ कर फरियादिया को लौटाएं 50,000/- रुपये।
पुलिस अधीक्षक बुरहानपुर राहुल कुमार लोढ़ा के निर्देशन में जिला सायबर सेल लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने हेतु जागरूकता बढ़ाने के साथ ही ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायतों में त्वरित कार्यवाही करके फ्रॉड में गयी राशि वापिस करवाने का कार्य कर रही है। हॉल ही के एक प्रकरण में सायबर सेल ने फरियादिया के साथ हुए फ्रॉड में राशि रिफंड करवाई है। सीलमपुरा निवासी फरियादिया ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत की थी कि उसे एक फ़ोन कॉल आया जिसमें कॉलर ने कहा कि आपका फ़ोन-पे नम्बर कम्पनी द्वारा सिलेक्ट किया गया है आपको एक स्पेशल कूपन कोड भेजा जा रहा है जिसको यूज़ करने पर आपको 3000 रुपये का कैश बेक मिलेगा। फरियादिया द्वारा फ़ोन पे पर कूपन कोड डालने पर उसके खाते से चार बार में 24999, 24999, 4999, 6999 इस तरह कुल 62000 रुपये की राशि का ट्रांजेक्शन कर लिया गया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा सायबर सेल को त्वरित कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया। सायबर सेल द्वारा फ्रॉड को वेरीफाई किया गया। वेरीफाई करते ज्ञात हुआ कि आरोपी द्वारा एयर-पे के माध्यम से राशि क्रेडिट की गयी। सायबर सेल द्वारा एयर-पे नोडल से सम्पर्क कर ट्रांजेक्शन होल्ड करवाए गए। जिसमें दो ट्रांजेक्शन होल्ड करके 50000/- रुपये की राशि फरियादिया को वापिस करवाई गई। उक्त कार्यवाही में सायबर सेल में पदस्थ आर. दुर्गेश, आर. मनोज, आर. सत्यपाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पुलिस द्वारा लोगों को सायबर धोखाधड़ी के संबंध में लगातार जागरूक किया जा रहा है। उन्हें अपने क्रेडिट/डेबिट कार्ड की जानकारी, ओटीपी आदि किसी को नहीं बताने, प्रोमो-कोड, कूपन कोड, कैश बैक ऑफर के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी आदि से सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। जागरूक रहकर ही ऑनलाइन फ्रॉड से बचा जा सकता है।

Related Articles

Back to top button