पचपेढी में कीचड से लबरेज मार्ग, वार्डवासी परेशान
धरवारा में बनेगी पेयजल टंकी
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । जनपद पंचायत ढीमरखेडा अंतर्गत ग्राम पंचायत पचपेढी के वार्ड क्रमांक दो का मार्ग इन दिनों कीचड से लबरेज है। जिसके कारण वार्डवासियों को आवागमन में बेहद परेशानी का सामना करना पड रहा है। लोगों ने बताया कि कई दिनों से मार्ग की यह स्थिती बनी हुई है। इस संबंध में जिम्मेदारों को अवगत भी कराया जा चुका है। लेकिन अब तक कोई ध्यान नहीं दिया गया। लोगों का कहना है कि इन दिनों गांव गांव में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत नालियों की सफाई के साथ ही मार्गों को स्वच्छ किया जा रहा है। लेकिन पचपेढी में इस अभियान की महज औपचारिकताएं निभाई जा रही है। जिसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड रहा है।
धरवारा में बनेगी पेयजल टंकी
उमरियापान । जनपद पंचायत ढीमरखेडा अंतर्गत ग्रामपंचायत धरवारा में जल जीवन मिशन के तहत पेयजल टंकी एवं पाइप लाइन विस्तार का कार्य कराया जाएगा। इसका बुधवार को गांव की स्कूली बेटियों के माध्यम से भूमिपूजन कर कार्य का शुभारंभ कराया गया। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि पदमेश गौतम, सरपंच प्रेमबाई कोल, उपसरपंच सोनू गर्ग, पीएचई कार्यपालन यंत्री एसएल कोरी सहित ग्रामीणों की उपस्थिती रही। गौरतलब है ग्राम धरवारा में काफी समय से पेयजल टंकी की आवश्यकता जताई जा रही थी। टंकी बनने से ग्रामीणों को पेयजल की समस्या से निजात मिलेगी।




