जिले में 100 वर्ष या इससे अधिक उम्र के मतदाता होंगे सम्मानित
रायसेन में कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष में आयोजित होगा कार्यक्रम
अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर निर्वाचन आयोग करेगा सम्मान
रायसेन । रायसेन जिले में 100 वर्ष या इससे अधिक आयु के मतदाताओं को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर शाल- श्रीफल तथा प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में 01 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे आयोजित किया गया है। इसके अतिरिक्त अनुभागों में शतायु मतदाताओं को उनके घर पर जाकर अधिकारियों द्वारा सम्मानित किया जाएगा। जिले में 100 से अधिक शतायु मतदाता है।
उल्लेखनीय है कि देश में प्रथम आम चुनाव से अब तक निरंतर मतदान कर लोकतंत्र को सशक्त कर रहे वयोवृद्ध मतदाताओं को भारत निर्वाचन आयोग अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस 1 अक्टूबर को सम्मानित करेगा। इसमें 100 वर्ष या इससे अधिक आयु के मतदाता शामिल होंगे। कार्यक्रम में नई दिल्ली से मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार और निर्वाचन आयुक्त अनूप चंद्र पांडेय, भारत निर्वाचन आयोग वर्चुअली शामिल होंगे तथा वृद्धजनों से संवाद भी करेंगे। कार्यक्रम सुबह 11.30 बजे से पूरे प्रदेश में होगा। भोपाल में मुख्य निर्वाचन सदन मध्यप्रदेश में कार्यक्रम होगा। प्रदेश में यह नवाचार पहली बार हो रहा है, जब 100 साल या इससे अधिक आयु के वृद्धजनों को आयोग द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
बीएलओ की अध्यक्षता में गठित की गई समिति
सम्मान समारोह के लिए बीएलओ की अध्यक्षता में एक समिति बनाई गई है। इसमें पटवारी, स्थानीय शिक्षक, पंचायत सचिव, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्य कार्यकर्ता और रोजगार सहायक को शामिल किया गया है। समिति सदस्य शतायु मतदाताओं का सम्मान करेंगे। वे मुख्य निर्वाचन आयुक्त नई दिल्ली द्वारा जारी किए गए सम्मान पत्र मतदाताओं को भेंट करेंगे।
अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
सम्मान समारोह बेहतर तरीके से संपन्न हो जाए, इसके लिए जिला व तहसील स्तर पर 1031 अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। ये सभी अधिकारी शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाले कार्यक्रम पर नजर रखेंगे।
घर जाकर करेंगे सम्मान
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर शतायु मतदाताओं का सम्मान उनके निवास स्थान पर ही किया जाएगा। बीएलओ सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उनके घर जाएंगे और शाल-श्रीफल सहित प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित करेंगे।



