मध्य प्रदेश

नोटिस जारी करने के बाद भी भुगतान करने में लापरवाही की गई है तो हो सकता है बैंक खाता सीज

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह । यदि आप विद्युत उपभोक्ता हैं और आपके द्वारा विद्युत बिल का भुगतान ना करने से लगातार बिल की राशि बढ़ती जा रही है। नोटिस जारी करने के बाद भी भुगतान करने में लापरवाही की गई है तो आपका बैंक खाता सीज हो सकता है. अधीक्षण अभियंता वृत्त म.प्र.क्षे.‍वि.वि.क.लि. दमोह ने बताया विद्युत बिल का भुगतान करने में लापरवाही बरतने वाले ऐसे उपभोक्ताओं से बकाया बिल वसूली का अब नया तरीका विद्युत कंपनी द्वारा इजाद किया गया है। इसमें बड़े बकायेदारों के बैंक खाते सीज करने की कार्यवाही शुरू कर दी गई है।उन्होंने बताया विद्युत कंपनी द्वारा जिले के करीब चार सैकड़ा बड़े बकायेदारों की सूची तैयार की गई है। जिनके बैंक अकाउंट नंबर ट्रेस किए जा रहे हैं। खाता नंबर चिन्हांकित करने के बाद कनिष्ठ अभियंता द्वारा सीधे संबंधित बैंक के प्रबंधक को पत्र जारी कर संबंधित बकायादार विद्युत उपभोक्ता का खाता सीज करने का आदेश किया जाएगा। राज्य शासन द्वारा विद्युत कंपनी के कनिष्ठ अभियंता/सहायक अभियंता एवं कार्यपालन अभियंता को भू-राजस्व संहिता के तहत वसूली संबंधी अधिकार प्रदत्त किए जा चुके हैं। इसी अधिकार का प्रयोग करते हुए कनिष्ठ अभियंता द्वारा बैंक शाखा प्रबंधकों को खाता सीज करने के संबंधी आदेश जारी किए जाएंगे.
कनिष्ठ अभियंता द्वारा न्यायालय तहसीलदार की प्रदत शक्तियों का उपयोग करते हुए मध्य प्रदेश भू-राजस्व संहिता 1859 एक की धारा 146, 147 तथा सहपठित अधिसूचना क्रमांक 212/सात/षा-8/99 दिनांक 10.11.1999 के तहत आधार का बैंक खाता सीज करने का निर्णय लेते हुए विद्युत बिल बकायादार का बैंक खाता सीज कर समस्त प्रकार के लेन-देन पर रोक लगाए जाने संबंधी आदेश जारी किया जाएगा। इसके साथ ही बड़े बकायादारों से वसूली के लिए बकायादार की जमीन बंधक कर ली जाएगी। जिससे वह ऋण पुस्तिका के माध्यम से ऋण आदि की सुविधाएं प्राप्त नहीं कर सकेगा. विद्युत बिल का भुगतान करने में मनमानी करने वाले जिले के बड़े बकायेदारों के बैंक खाते सीज करने का निर्णय लिया गया है, दमोह वृत्त अंतर्गत दमोह दक्षिण संभाग में आने वाले वितरण केन्द्र दमोह (शहर)-32, दमोह (ग्रामीण)-25, बांसा-22, हिण्डोरिया-11, जबेरा-70, नोहटा-17, बनवार-2, तेजगढ़-9, तेन्दूखेड़ा-5, तारादेही-6 उत्तर संभाग में आने वाले वितरण केन्द्र पटेरा-183, बटियागढ-12, हटा (ग्रामीण)- 04, पथरिया (शहर)- 06, पथरिया (ग्रामीण)- 50, कुल 454 नंबर बैंक खाते सीज किये गये जिनकी राशि रूपये 85.33 लाख बकाया थी जिनमें से 6 नंबर खाते जिनकी राशि रूपये 48,000/- रिलीज किए गए हैं। अब अन्य वितरण केंद्रों में भी बैंक खाता सीज करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके साथ ही जिन विद्युत उपभोक्ताओें के परिसर में विद्युत अनियमितता पाये जाने पर/बकाया होने पर विद्युत चोरी के प्रकरण बनाये गये हैं, उनके विरुद्ध भी विद्युत कनेक्शन विच्छेदन एवं वसूली की कार्यवाही के साथ-साथ प्रकरणों को माननीय विशेष विद्युत न्यायालय में दर्ज कराया जायेगा। अधीक्षण यंत्री ने सम्मानीय बिजली उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि वह अपने बकाया बिजली बिलों का भुगतान समय से करें एवं विद्युत कनेक्शन विच्छेदन एवं अन्य अप्रिय कार्यवाही से बचें।

Related Articles

Back to top button