कारखाने में लगी भीषण आग, आधा दर्जन दमकलें जुटी आग बुझाने में
मंडीदीप औद्योगिक क्षेत्र की घटना
मण्डीदीप । शुक्रवार की रात्रि में औधोगिक शहर मण्डीदीप की एमपी फॉरेस्ट कंपनी की गोदाम में भीषण आग लग गई। आगजनी की सूचना पर नगर पालिका मण्डीदीप सहित निजी कंपनियों की आधा दर्जन दमकलें मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने में जुटी है। सतलापुर थाना क्षेत्र में हुई आगजनी की खबर मिलते थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी सहित मण्डीदीप पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। खबर लिखे जाने तक नपा का फायर अमला आग पर काबू पाने में जुटा था।
औधोगिक क्षेत्र में सतलापुर थाने से कुछ ही दूरी पर एमपी फारेस्ट कंपनी स्थित है। कंपनी में पीछे की तरफ बने माल गोदाम में करीब 10 बजे वहां रहने वाले कर्मचारियों ने आग की लपटें उठती देखकर अपने अधिकारियों को सूचित किया। कंपनी प्रबंधन की सूचना पर नपा फायर प्रभारी राममोहन रघुवंशी ने तत्काल फायर गाड़िया रवाना कर स्वयं भी मौके पर पहुंच गए। उधर सतलापुर थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी भी आग लगने की सूचना पर मौके पर पहुंचे और निजी कंपनियों की दमकलों को मौके पर बुला लिया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका था।
दो गोदामो में लगी आग
एमपी फॉरेस्ट कंपनी में पीछे की तरफ बने दो गोदामो में आगजनी की घटना हुई है। बताया जाता है इन गोदामो में लकड़ी का कचरा रखा हुआ था जिसके चलते कुछ ही समय मे आग पूरे गोदाम में फेल गई। हालांकि जिन गोदाम में आग लगी है उसमें किसी प्रकार का तैयार माल रखे होने की जानकारी नहीं मिली है।
कंपनी में जंगलबुड सहित अन्य प्रकार की लकड़ियों से प्लायबोर्ड बनाने का काम किया जाता है। घटनास्थल पर लकड़ी चीरने की मशीनों सहित लकड़ियां रखी हैं, हालांकि लकड़ी और मशीन दूसरे शेड में रखी है, लेकिन आग पर समय रहते काबू नहीं पाया गया तो मामला बिगड़ सकता था।
राममोहन रघुवंशी, प्रभारी नपा फायर का कहना है कि नपा के फायर अमले को करीब 10 बजे एमपी फारेस्ट कंपनी में आग लगने की सूचना मिली थी, मौके पर दमकलों साहिर सपोर्ट टैंकर रवाना कर दिए गए थे, आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है।
विजय त्रिपाठी, थाना प्रभारी सतलापुर का कहना है कि क्षेत्र की एमपी फारेस्ट कंपनी के दो गोदाम में आग लगी है, नपा सहित निजी कंपनियों की दमकलें आग पर काबू पाने में जुटी हैं, आग लगने का कारण अज्ञात है।



