महात्मा गांधी मैदान रहेगा सुरक्षित, तहसील परिसर में होगा शासकीय भवनों का निर्माण

बड़वारा विधायक के पत्राचार और युवाओं की मांग पर कलेक्टर ने लिया संज्ञान,एसडीएम को स्थान परिवर्तन करने दिए निर्देश
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान l ढीमरखेड़ा तहसील मुख्यालय में स्थित महात्मा गांधी प्रांगण में खाली पड़ी जगह सुरक्षित ही रहेगी। मैदान को पूरी तरह से खाली रखा जाएगा।ढीमरखेड़ा एसडीएम विन्की सिंह मारे ने बताया कि मैदान में जिन शासकीय भवनों का निर्माण होना था, भवनों के निर्माण के लिए स्थान का चयन दूसरी जगह किया गया है। तहसील प्रांगण में ही शासकीय भवनों का निर्माण कार्य होगा।महात्मा गांधी मैदान में शासकीय भवनों का निर्माण होने की जानकारी स्थानीय ग्रामीणों को लगी तो एकजुट हुए युवाओं ने सोमवार को खेल मैदान को सुरक्षित रखने की मांग को लेकर एसडीएम विन्की सिंह मारे को ज्ञापन सौंपा। ढीमरखेड़ा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष आनंद मिश्रा ने भी मैदान में शासकीय भवनों के निर्माण हेतु ले ऑउट पड़ने की जानकारी विधायक विजयराघवेंद्र सिंह को दी। बड़वारा विधानसभा के कांग्रेस विधायक विजयराघवेंद्र सिंह ने मामले को लेकर कलेक्टर अवि प्रसाद को पत्राचार किया।मामले को संज्ञान में लेते हुए कलेक्टर अवि प्रसाद ने ढीमरखेड़ा एसडीएम विन्की सिंह मारे को शासकीय भवनों के निर्माण के लिए दूसरा स्थान चयन करने के निर्देश दिए। मंगलवार को एसडीएम ने भवनों के निर्माण कार्य के लिए स्थान का परिवर्तन कर ले-ऑउट डलवाया हैं।ब्लॉक अध्यक्ष आनंद मिश्रा सहित स्थानीय ग्रामीणों ने कलेक्टर अवि प्रसाद की सराहना करते हुए आभार जताया।



