नाबालिग छात्रा के साथ शिक्षक ने की छेड़छाड़, डीईओ ने किया निलंबित, भेजा गया जेल

बड़वारा के बंदरी शा.स्कूल का मामला
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । बड़वारा थाना अंतर्गत ग्राम बंदरी में स्थित सरकारी स्कूल में फिर गुरु शिष्य के पवित्र रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक शराब के नशे में चूर सरकारी स्कूल के शिक्षक ने अपने ही स्कूल में पढ़ने वाली एक नाबालिक आदिवासी छात्रा के साथ स्कूल परिसर के अंदर बदसलूकी की है। घटना की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बड़वारा थाना प्रभारी अनिल यादव ने बताया कि थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बंदरी शासकीय स्कूल की एक नाबालिक आदिवासी छात्रा ने परिजनों के साथ थाने आकर शिकायत दर्ज कराई है कि जब वह स्कूल में पढ़ने गई थी तो वहां पर शराब के नशे में चूर शिक्षक हेतराम कुशवाहा ने बुरी नीयत से उसके साथ छेड़छाड़ की। छात्रा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ लैंगिक उत्पीडन के मामले की भारतीय दंड संहिता की धाराओं 354 और 354क के तहत लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण के अंतर्गत धारा 9एवं 10के तहत एफआईआर मामला पंजीबद्ध किया है।
डीईओ ने किया निलंबित
जिला शिक्षा अधिकारी पीपी सिंह ने नशे की हालत में विद्यालय आने और छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने वाले शासकीय प्राथमिक शाला बंदरी के प्राथमिक शिक्षक हेतराम कुशवाहा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में प्राथमिक शिक्षक का मुख्यालय शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवरी हटाई निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि में इन्हें जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी।
यहां पर स्मरण रहे कि एक दिन में अंतराल में यह दूसरा मामला है जो विभाग की छवि को शर्मसार कर रहा है। एक दिन पहले ही शराब के नशे में धुत्त शिक्षक को निलंबित किया गया था लेकिन अभी मामला ठंडा ही नहीं हुआ कि यह मामला सामने आ गया।
न्यायालय ने भेजा जेल
बड़वारा थाना प्रभारी अनिल यादव ने बताया कि मामला दर्ज होने के बाद ही आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया था, जहां से उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुये माननीय न्यायालय ने नाबालिग बालिगा से छेड़छाड के आरोपी शिक्षक को जेल भेज दिया है। वहीं विभाग ने भी उसे निलंबित कर दिया है।



