मध्य प्रदेश

बरही तालाब में उतराते मिले आम जनता के आधार कार्ड

पोस्ट मास्टर को दिये निर्देश 7 दिन के अन्दर रिपोर्ट पेश करे
ब्यूरो चीफ : मनीष श्रीवास
कटनी । मध्यप्रदेश के कटनी जिले का बड़ा विचित्र मामला प्रकाश में देखने को मिला है । नगर परिषद बरही के अंतर्गत पुराने तालाब के पास खुले क्षेत्र में आम जनता का मूल आधार कार्ड खुले तालाब में बिखरे पड़े होने की सूचना को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने मुख्य पोस्ट मास्टर मुख्य डाकघर कटनी को इस पूरे घटनाक्रम की जांच 7 दिन में करके जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत कर दोषी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई का प्रस्ताव देना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
अपर कलेक्टर कटनी ने मुख्य पोस्ट मास्टर कटनी को लिखें पत्र में उल्लेखित किया है कि आधार कार्ड बिखरे पड़े होने की सूचना के बाद तहसीलदार बरही व नायब तहसीलदार बरही के द्वारा संयुक्त रूप से स्थल का निरीक्षण किया गया। मौका स्थल की जांच कर वस्तु स्थिति का संदर्भित प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। जिसके अनुसार पुराने तालाब के पास एवं तालाब के अंदर लगभग 500 से 600 मूल आधार कार्ड खुले में बिखरे हुए पाए गए । आधार कार्ड बरही पोस्ट ऑफिस क्षेत्र अंतर्गत के हैं। जिन्हें मौके पर एकत्रित कर जप्त किया गया है।
आधार कार्ड की जब्ती उपरांत पोस्ट ऑफिस बरही का निरीक्षण किया गया। वहां पर उपस्थित अधिकारी- कर्मचारियों से प्रकरण के संबंध में पूछताछ की गई एवं कथन अंकित किये गये। लेकिन पोस्ट आफिस कर्मियों द्वारा इस घटना के परिपेक्ष में संतोष जनक जवाब नहीं दिए गए। इस प्रकार इस जांच में पोस्ट ऑफिस प्रबंधन की लापरवाही प्रदर्शित होती है । यह घटना अत्यंत गंभीर है ।जिससे पोस्टल विभाग की कार्यप्रणाली पर प्रश्न चिन्ह उठता है ।प्रकरण की गंभीरता के मद्देनजर मुख्य पोस्ट मास्टर कटनी को निर्देशित किया गया है कि वे 7 दिन के भीतर जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें और दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई किया जाना सुनिश्चित करें।

Related Articles

Back to top button