सीएमओ एलएस डोडिया ने लिया सफाई व्यवस्था का जायजा, दिए सख्त निर्देश

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । नगर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए प्रशासनिक सक्रियता बढ़ा दी गई है। इसी क्रम में नगर पालिका अधिकारी एलएस डोडिया ने विभिन वार्डो का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ श्री डोडिया ने वार्ड में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन में लगी गाड़ियों और कचरा संग्रहण प्रक्रिया की जमीनी स्थिति को देखा। उन्होंने कचरा गाड़ियों के समय पर पहुँचने और कचरा उठाने की व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की।
सीएमओ ने निकाय के सफाई कर्मचारियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनसे संवाद किया। उन्होंने कर्मचारियों को स्पष्ट शब्दों में हिदायत दी कि नगर की सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने वार्ड को स्वच्छ रखने और प्रतिदिन नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ एलएस डोडिया ने स्थानीय रहवासियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। नागरिकों द्वारा बताई गई समस्याओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने तत्काल संबंधितों को कार्रवाई के निर्देश देकर मौके पर ही निराकरण कराया।
नगर पालिका प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे बेगमगंज को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सहयोग करें तथा कचरा केवल कचरा गाड़ियों में ही डालें।



