पुष्पा हाईस्कूल में नकल करते पकड़ाए तीन नकलची

रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
रायसेन । माध्यमिक शिक्षा मंडल की हायर सेकंडरी स्कूल परीक्षा लिए गुरुवार को अंग्रेजी विषय का प्रश्न-पत्र हुआ। इस दौरान जिला स्तरीय उड़नदस्ता द्वारा पुष्पा हाईस्कूल सिलवानी में तीन परीक्षार्थियों को नकल करते हुए पकड़ा और उनके नकल प्रकरण बनाए गए।
जिला शिक्षा अधिकारी एमएल राठौरिया के नेतृत्व में उड़नदस्ते ने विकासखंड के परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया। इस वर्ष गुरुवार को बोर्ड परीक्षाओं में पहली बार नकल प्रकरण बने। गौरतलब हो कि बोर्ड परीक्षाओं में नकल रोकने के माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा ठोस प्रबंध किए गए हैं। शिक्षा विभाग सहित जिला प्रशासन की अगुवाई में उड़नदस्ते गठित किए हैं। वहीं कलेक्टर द्वारा प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को प्रतिनिधि के रुप में नियुक्त किया गया है। बारहवीं कक्षा की परीक्षा जिले के 74 परीक्षा केन्द्रों पर कराई जा रही है। गुरुवार को इनमें दर्ज 13045 परीक्षार्थियों में से 12836 उपस्थित और 209 गैर हाजिर रहे। सबसे अधिक अनुपस्थित औबेदुल्लागंज विकासखंड में 41 और गैरतगंज में सबसे कम 13 छात्र-छात्राएं परीक्षा देने नहीं पहुंचे।



