महिला अधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा लोकायुक्त ने, पेंशन के एवज में मांगे थे 40 हजार

रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
भोपाल। प्रदेश में लगातार लोकायुक्त पुलिस द्वारा रिश्वत खोर अधिकारी, कर्मचारियों के विरुद्ध कार्यवाही की जा रही है, इसके बाबजूद भी रिश्वत खोरी बंद होने का नही ले रही है। लोकायुक्त की कार्यवाही के चलते कई रिश्वतखोरों का पर्दाफाश हुआ है। शुक्रवार को फिर एक कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। इस कार्रवाई में 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए एक महिला अधिकारी को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला अधिकारी ने आवेदिका से 40 हजार रुपए की मांग की थी, लेकिन फिर वो 25 हजार पर मान गई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला भोपाल के बरखेड़ा का है। जिसमें एक महिला अधिकारी ने पेंशन के एवज में 25 हजार रुपए की मांग की थी। पुलिस द्वारा ट्रैप की कार्रवाई कर आरोपी महिला को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया है। लिओलीना इक्का शासकीय प्राथमिक शाला पिपलिया पेंदे खां जिला भोपाल में सहायक शिक्षिका के पद पर कार्य करती हैं। उन्होंने 14 फरवरी को शिकायत की थी कि अप्रैल 2024 में वे सेवानिवृत्त होने वाली हैं। इस कारण पेंशन से संबंधित सारे दस्तावेज उन्होंने रानी शर्मा वरिष्ठ लिपिक लेखा शाखा संकुल केंद्र शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरखेड़ा भोपाल के पास जमा कराए थे।
इसके बाद आरोपी महिला अधिकारी ने आवेदिका से 40 हजार रुपए की मांग की थी। आवेदिका से बात करने के बाद आरोपी महिला ने 25 हजार रुपए में सहमति दे दी थी। आरोपी महिला ने 15 हजार रुपए काम होने से पहले औऱ बाकी रुपए काम होने के बाद मांगे थे। आवेदिका अपने काम के लिए 15 हजार रुपये दे चुकी थी। इसके बाद अन्य 10 हजार रुपए देने से पहले उसने लोकायुक्त पुलिस को इस बात से सूचित कर दिया था। शुक्रवार दिनांक 16 फरवरी को जब आवेदिका अपने काम की बाकी रकम देने गई तो आरोपी महिला पर ट्रैप की कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी महिला को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है।



