कृषिपर्यावरणमध्य प्रदेश

जमकर बरसे ओले, लोगों ने उठाया बर्फबारी का लुत्फ, बिजली गिरने से 15 बकरियों की मौत

बैतूल । सोमवार को प्रदेश के बैतूल जिले में भी मौसम ने अपना मिजाज बदला और जमकर अपने तेवर दिखाए। भोपाल- नागपुर नेशनल हाईवे के बरेठा घाट क्षेत्र में जमकर ओलावृष्टि हुई। राहगीरों ने इस बर्फबारी का जमकर लुत्फ उठाया। जिले के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई है। वहीं भीमपुर ब्लॉक में आकाशीय बिजली गिरने से 15 बकरियों की मौत हो गई।
प्रदेश के कई हिस्सों में लंबे समय से बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि हो रही है। इस बीच बैतूल जिले में मौसम खुला हुआ था। सोमवार को बैतूल जिले में भी मौसम ने रंग बदल लिया। बादल हालांकि सुबह से ही छाए थे, लेकिन दोपहर में अचानक जोरदार तरीके से बादल गरजने लगे।कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने की भी खबर है। भीमपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत पातरी के रैयतवाड़ी में बारिश से बचने बकरियां एक पेड़ के नीचे खड़ी थी। इस बीच आकाशीय बिजली गिरने से 15 बकरियों की मौत हो गई। बताया जाता है कि यह घटना दोपहर 3.30 बजे की है। हादसे में मरने वाली बकरियां ग्रामीण सुकलू मर्सकोले और सुखदेव मर्सकोले की हैं। बताते हैं कि यह गरीब परिवार बकरियों के सहारे ही अपना परिवार चलाते थे। बकरियों की अकाल मौत ने उनके जीवन यापन का सहारा भी छीन लिया।
जिले के बरेठा घाट में इस बीच जमकर ओलावृष्टि हुई। इससे नेशनल हाईवे सहित उसके आसपास बर्फ की मोटी परत जम गई। हाईवे से गुजर रहे लोगों ने ओलावृष्टि थमने के बाद जमकर बर्फबारी का आनंद उठाया। वहीं आसपास के खेतों में फसल को भी भारी नुकसान पहुंचने का अंदेशा है।
सोमवार की दोपहर जिला मुख्यालय सहित जिले के कई क्षेत्रों में तेज बारिश हुई है। अगले तीन दिन तक जिले में तेज बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना बनी है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण मौसम बदला है। इसलिए 26, 27 और 28 फरवरी को बैतूल जिले में कहीं-कहीं गरज चमक के साथ तेज बारिश होने और ओलावृष्टि की संभावना बनी है
आज जिले के चिचोली, शाहपुर क्षेत्र के साथ ही पाढर के पास नीमपानी में तेज बारिश हुई। शाम 4 बजे से जिला मुख्यालय बैतूल पर भी करीब डेढ़ घंटे तक गरज-चमक के साथ बारिश हुई। इस बारिश से फसलों को भी खासा नुकसान होने की आशंका है।
अभी कई किसान फसल की कटाई में लगे हैं तो कुछ किसानों के खेतों में फसल खड़ी है। ऐसे में बेमौसम हो रही बारिश से फसलों को नुकसान होने की ज्यादा आशंका है।
जानकारों का कहना है कि इस बारिश से गेहूं, चना सहित अन्य फसलों को सबसे ज्यादा नुकसान होगा। तेज हवा चलने और बिजली कड़कने से आम की फसलों को भी नुकसान हो सकता है।

Related Articles

Back to top button