पत्नी करती थी फोन पर बात, हाथ काटकर ले भागा पति : पत्नी पर करता था शक

रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
अशोकनगर । एमपी के अशोकनगर में एक व्यक्ति अपनी पत्नी का हाथ काटकर ले गया। पति को अपनी पत्नी पर शक था कि वह फोन पर किसी दूसरे से बात करती है। घायल महिला का हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक बरखेड़ी गांव की मिथिलेश बाई उम्र 35 साल की शादी करीब 16 साल पहले कमल अहिरवार उम्र 36 साल से हुई थी। कमल अहिरवार एक पैर से दिव्यांग है। उनके 2 बेटे और 2 बेटियां हैं। सबसे बड़ी बेटी की उम्र 11 साल, जबकि सबसे छोटा बेटा 5 साल का है। सभी अशोकनगर की जगदंबा कॉलोनी में रहते हैं।
मिथिलेशबाई ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद सब कुछ ठीक चल रहा था। पति कमल अहिरवार पिछले कुछ दिनों से उस पर शक करने लगा।पति अकसर झगड़ा करता रहता था, लेकिन बुधवार को वह अच्छे से रहा। मेरी नींद जरा सी आहट में खुल जाया करती है, लेकिन कल रात ऐसा नहीं हुआ। लगता है उसने नींद की गोली खिला दी होगी। पति मेरे ऊपर बैठा और उसके दाहिने हाथ को पैर के नीचे दबाकर कुल्हाड़ी मार दी।
मिथिलेशबाई ने बताया कि बुधवार को सभी खाना खाकर सो गए। रात करीब 2 बजे पति ने कुल्हाड़ी उठाई और उसके हाथ पर वार कर दिया। कमल अहिरवार ने तुरंत दूसरा वार मिथिलेशबाई के पैर पर किया, जिससे उसकी चीख निकल गई। चीख सुनकर बच्चे नींद से जाग गए तो कमल अहिरवार कटा हुआ हाथ लेकर भाग गया। मिथिलेशबाई ने बताया कि बच्चे उसे कुछ दूर तक चलाकर ले गए। फिर पुलिस आ गई। पुलिस ने उसे अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया।
महिला ने बताया कि जब वह 11 साल की थी तब गिर गई थी। इससे उसका बायां हाथ फ्रैक्चर हो गया था। उस समय परिजन ने देसी उपचार करवाया। हाथ के चारों ओर लकड़ियां बांध दी थीं। ये हाथ सही होने की बजाय टेड़ा हो गया। तब से वह एक हाथ से सारा काम करती थी। महिला ने बताया कि वह कुछ घरों में साफ-सफाई का काम करके अपने 4 बच्चों का पेट पालती थी। कोरोना काल से पहले सभी गांव में रहते थे, जहां अक्सर विवाद होता था। विवाद से बचने के लिए जगदंबा कॉलोनी में प्लॉट खरीदकर घर बनाया है।
महिला का कहना है कि वह पति कमल अहिरवार के सामने अपने रिश्तेदारों से मोबाइल पर बात करती थी तब भी उसे शक होता था। इसी शक के चलते उसने हमला किया।
देहात थाना प्रभारी रवि प्रताप चौहान ने बताया कि रात के समय युवक ने उसकी पत्नी का हाथ काट दिया और लेकर भाग गया। पति ने ऐसा पत्नी पर शक के चलते किया। मामला दर्ज कर लिया है। अभी आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ है।



