क्राइम

मंडी सचिव पर तलवार से जानलेवा हमला, दोनों हाथों में आई चोट; सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । कृषि उपज मंडी में बुधवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब निरीक्षण कर रहे मंडी सचिव अनुराग रघुवंशी पर अचानक तलवार से हमला कर दिया गया। अचानक हुए हमले से मंडी परिसर में अफरा- तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि मंडी सचिव रोजाना की तरह परिसर का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान सौरभ शर्मा नाम का आरोपी तलवार लेकर पहुंचा और सचिव पर हमला कर दिया। हमले से बचने के लिए सचिव ने अपने हाथ आगे कर दिए, जिससे उनके दोनों हाथों में चोटें आईं।
घटना के बाद मंडी में मौजूद कर्मचारियों और हम्मालों ने तत्काल बीच-बचाव किया और सचिव को आरोपी से दूर किया। घायल सचिव को तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
इसके बाद मंडी सचिव थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
खास बात यह है कि हमले की पूरी वारदात मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में आरोपी द्वारा तलवार से हमला किए जाने और लोगों के बीच-बचाव की घटना दिखाई दे रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को भी जांच में शामिल कर रही है।
थाना प्रभारी राजीव उईके के अनुसार, हमले की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस आरोपी और घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है।
मंडी सचिव की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी सौरभ शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस जांच के बाद ही हमले के पीछे की वास्तविक वजह सामने आएगी।

Related Articles

Back to top button