लापता स्टूडेंट की लाश 8 फिट गहरे गड्ढे में मिली, 4 दिन पहले छात्रा से मिलने गया था
परिजन ने जताई हत्या की आशंका, धरने पर बैठे
नर्मदापुरम । एमपी के नर्मदापुरम में 4 दिन से लापता 12वीं के छात्र का शव गुरुवार को मिला है। उसकी बॉडी एक खेत किनारे 8 फीट गहरे गड्ढे में मिली। मृतक हर्ष मीणा उम्र 18 साल केंद्रीय विद्यालय का स्टूडेंट था। वह 18 अगस्त को एक छात्रा से मिलने उसके घर गया था, तभी से गायब था।
हर्ष मीणा हासलपुर गांव का रहने वाला था। शव मेहराघाट में मिला। शव तीन से चार दिन पुराना होने से उसमें कीड़े लग गए हैं। परिजन ने प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका जताई है। परिवार ने कुछ लोगों पर शक जताते हुए उन पर केस दर्ज करने की मांग की है, तब तक डेड बॉडी लेने से इंकार कर दिया है।
परिजन और मीणा समाज के लोग जिला अस्पताल के पोस्टमॉर्टम रूम के बाहर धरने पर बैठे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर 5 थानों रामपुर, इटारसी, नर्मदापुरम, पथरौटा और डोलरिया की पुलिस यहां तैनात की गई है।
घटना को लेकर समाज में आक्रोश है। बुधवार को समाज के लोगों ने एसपी से मुलाकात कर छात्र का पता लगाने की मांग की थी।
हर्ष मीणा के लापता होने के तीसरे दिन उसकी इलेक्ट्रिक स्कूटी होरियापीपर के पास नहर किनारे मिली थी। उसकी आखिरी लोकेशन इटारसी के गांधीनगर की मिली। उसकी गुमशुदगी देहात थाने में दर्ज है। जिस जगह स्कूटी मिली थी, उससे कुछ दूरी पर गुरुवार को खेत के गड्ढे में लाश मिली है।
मृतक के पिता दिनेश मीणा ने बताया कि बेटा हर्ष मीणा एसपीएम केंद्रीय विद्यालय में 12वीं का छात्र था। 18 अगस्त को वह कोचिंग का कहकर निकला था। शाम 5 बजे तक घर नहीं लौटा तो कोचिंग में कॉल कर पूछा। पता चला कि वह कोचिंग ही नहीं आया। दोस्तों से बात की तो मालूम हुआ कि बेटा एक दोस्त (छात्रा) के घर गया था।
हमने जब छात्रा के घर जाकर पूछा तो उसके पिता ने बताया कि हर्ष घर से निकल गया है। इसके बाद से ही उसका मोबाइल नंबर बंद आ रहा था। 19 अगस्त की सुबह 9.15 बजे हमने देहात थाने पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
रामपुर थाना प्रभारी विपिन पाल ने बताया कि मौके से बैग भी मिला है।
एएसपी आशुतोष मिश्रा का कहना है, ‘छात्र की बॉडी उसके गांव से 10 किलोमीटर दूर मिली है। परिजन को आशंका है कि कहीं उसके साथ कुछ गलत तो नहीं किया गया। उन्होंने कुछ नाम भी बताए हैं। फिलहाल कुछ भी कहना ठीक नहीं है, जब तक कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट नहीं आ जाती। हम शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।



