सील क्लीनिक में फिर से काम शुरू किया झोलाछाप रवि विश्वास ने, विभाग ने फिर से की कार्रवाई

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । एक प्राइवेट क्लीनिक संचालन करने वाले झोलाछाप डॉ. रवि विश्वास के यहाँ प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापामार कार्यवाही करते हुए उक्त फर्जी डॉक्टर के क्लीनिक को 8 नंवबर को सील कर दिया था ।इसी दौरान कवरेज करते समय एक पत्रकार का मोबाइल झोलाछाप कथित डॉ. रवि विश्वास ने छींन लिया था।
जिसकी शिकायत पीड़ित पत्रकार सहित नगर के सभी पत्रकारों द्वारा कलेक्टर , एसपी सहित पुलिस एवं एसडीएम को की गई थी।
सीबीएमओ डॉ .नितिन तोमर से प्राप्त जानकारी के अनुसार 8 नवंबर को शासन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला रायसेन के निर्देशानुसार रवि विश्वास के द्वारा संचालित अवैध क्लीनिक का तहसीलदार के साथ निरीक्षण किया गया था
रवि विश्वास के पास कोई भी दस्तावेज एवं डिग्री नहीं होने तथा क्लीनिक को अवैध पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे सील किया गया था। लेकिन दूसरे दिन से उसने पुनः क्लीनिक संचालन करना शुरू कर दिया ।
जानकारी मिलने पर उन्हें रविवार को पुनः विभाग द्वारा नोटिस देकर चेतावनी देते हुए लेख किया गया है कि सीएमएचओ के निर्देशानुसार आपके क्लीनिक का निरीक्षण किए जाने के उपरांत सील किया गया था ओर आपको क्लीनिक के संचालन के लिए मना किया गया था । इसके उपरांत भी आपके द्वारा शासकीय नियमों एवं कानून व्यवस्था को अनदेखा करते हुए अपनी हठधर्मिता अपनाते हुए दूसरे रास्ते से पुनः उक्त अवैध क्लीनिक का संचालन शुरू करते हुए मरीजों को बुलाकर उनका इलाज करना शुरू कर दिया है।
इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा पुनः चेतावनी दी गई कि आगामी कार्रवाई तक आप क्लीनिक संचालन न करें अन्यथा अवहेलना की स्थिति में कानूनी कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की जाएगी । जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी आपकी होगी ।
सीबीएमओ डॉ. नितिन तोमर का कहना है कि रवि विश्वास का नए बस स्टैंड के पीछे हनुमान बाग कॉलोनी बेगमगंज में संचालित अवैध क्लीनिक पिछले 25 साल में कई बार सील हो चुका है। फिर भी ये अपने कृत्य से बाज नहीं आ रहा है और कोई भी डिग्री नहीं होने के बाद भी एलोपैथी पद्वति से मरीजों के इलाज के साथ जटिल ऑपरेशन कर रहा है। अवैध क्लीनिक को स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा फिर से सील किया गया है। यदि फिर से क्लीनिक संचालित किया गया तो उसके विरुद्ध अब एफआईआर कराई जाएगी ।



