मध्य प्रदेश

पुलिया से 12 फीट नीचे खाई में गिरी एम्बुलेंसः मरीज और पत्नी की मौत

बेटा समेत स्टाफ घायल
एम्बुलेंस बेगमगंज से मरीज को लेकर रायसेन जिला अस्पताल जा रही थी

रायसेन । रायसेन में एम्बुलेंस पुलिया से 12 फीट नीचे गिर गई। हादसे में मरीज और उसकी पत्नी की मौत हो गई। मरीज का बेटा, पायलट और ईएमटी घायल हैं।
हादसा मंगलवार देर रात करीब 1 बजे देहगांव के मुड़ियाखेड़ा में हुआ। एम्बुलेंस मरीज को बेगमगंज से जिला अस्पताल ला रही थी। देहगांव थाना प्रभारी शैलेंद्र दायमा ने बताया, पुलिस ने मौके पहुंचकर घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।
एम्बुलेंस के पायलट राजकुमार से पूछताछ करने पर उसने बताया था कि ट्रक ने एम्बुलेंस को टक्कर मारी है। बाद में उसने कहा, एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिरी है।
हादसे में मरीज प्रीतम सिंह उम्र 60 साल और उनकी पत्नी गेंदा उम्र 55 साल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पायलट राजकुमार और ईएमटी तेज सिंह गंभीर घायल हैं।
पहले से थे बीमार, तकलीफ बढ़ने पर किया था रेफर मरीज के परिजन लखन केवट ने बताया कि मौसा जी पहले से बीमार थे। मंगलवार रात को तकलीफ बढ़ने पर बेगमगंज के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे थे। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद जिला अस्पताल रेफर किया था। 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाते समय ये हादसा हो गया।
देहगांव थाना प्रभारी शैलेंद्र दायमा ने बताया कि एम्बुलेंस पुलिया की बाउंड्रीवॉल को तोड़ती हुई नीचे गिरी है। जांच में पाया गया है कि एम्बुलेंस को किसी वाहन में टक्कर नहीं मारी। हादसे के बाद जिला अस्पताल में घायल बेटे राकेश को परिजनों ने उसके माता-पिता की मौत की जानकारी नहीं दी है। राकेश के दोनों हाथ और पैर में चोट लगी है।
प्रीतम रैकवार मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। उसके 6 लड़के और एक लड़की है। घटना के दौरान तीसरे नंबर का बेटा राकेश उनके साथ था।

Related Articles

Back to top button