भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा, रायसेन की राजनीति का परिश्रमी सूत्रधार, सेवा, संगठन, और समर्पण की मिसाल

रायसेन की राजनीति का सूर्य – जन्मदिन पर विशेष
रायसेन। भारतीय जनता पार्टी रायसेन के यशस्वी जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा आज अपने जन्मदिवस के अवसर पर जिलेभर में शुभकामनाओं और सम्मान की वर्षा का केंद्र बने हुए हैं। एक सामान्य ग्रामीण परिवेश से निकलकर संगठन के शीर्ष पद तक पहुंचने वाले राकेश शर्मा ने यह सिद्ध कर दिया है कि लगन, विचारधारा और सतत परिश्रम ही सच्ची नेतृत्व की नींव है।
7 जुलाई 1982 को रायसेन जिले के छोटे से गांव सांचेत में जन्मे राकेश शर्मा का बचपन कठिन संघर्षों में बीता, लेकिन राष्ट्र और समाज के प्रति अगाध श्रद्धा उन्हें छात्र जीवन से ही सक्रिय सामाजिक भूमिका की ओर ले गई। उन्होंने B.Sc. तथा M.A. (राजनीति शास्त्र) की शिक्षा प्राप्त की और मात्र 12 वर्ष की आयु में 1994 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संपर्क में आकर विचारशीलता और अनुशासन का पथ चुना।
*छात्र राजनीति से संगठन की मुख्यधारा तक*
छात्र राजनीति में अपने नेतृत्व की छाप छोड़ते हुए वे वर्ष 2003-04 में स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय रायसेन के छात्र संघ अध्यक्ष बने। तत्पश्चात उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में जिला संयोजक और भोपाल संभाग प्रमुख जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया, जहां उन्होंने हजारों युवाओं को राष्ट्र निर्माण की धारा से जोड़ा।
*भाजपा में ऊर्जावान पारी की शुरुआत*
2007 में उन्होंने भाजपा की सक्रिय सदस्यता ग्रहण की और बहुत कम समय में अपनी संगठक क्षमता और युवाओं के बीच लोकप्रियता के चलते भाजपा युवा मोर्चा के दो बार जिला अध्यक्ष बनाए गए। इसके बाद उन्होंने जिला उपाध्यक्ष के रूप में संगठन की जड़ों को और अधिक मजबूत किया।
*निर्णायक मोड़: जिला अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी*
विधानसभा चुनावों से ठीक पहले जब पार्टी ने उन्हें रायसेन भाजपा का जिला अध्यक्ष घोषित किया, तब उन्होंने यह जिम्मेदारी केवल पद के रूप में नहीं, बल्कि एक मिशन के रूप में निभाई। दिन-रात की अथक मेहनत, चारों विधानसभा क्षेत्रों में निरंतर दौरे, कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद और रणनीतिक संगठन निर्माण के चलते भाजपा ने रायसेन जिले में प्रचंड विजय हासिल की।
*लोकसभा में ऐतिहासिक जीत की पटकथा*
इसके बाद लोकसभा चुनावों में उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के लिए रायसेन जिले में अभूतपूर्व जनसमर्थन जुटाया। परिणामस्वरूप विदिशा संसदीय सीट से मध्यप्रदेश में सबसे अधिक मतों से जीत दर्ज हुई। यह जीत न केवल एक उम्मीदवार की थी, बल्कि एक कुशल संगठनकर्ता के नेतृत्व और समर्पण की भी जीत थी।
*पार्टी नेतृत्व का दोबारा विश्वास*
राकेश शर्मा की कार्यशैली, उनका सादगीपूर्ण व्यवहार, हर वर्ग से संवाद और युवाओं के बीच गहरी पैठ को देखते हुए पार्टी ने उन्हें पुनः दूसरी बार भाजपा रायसेन का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया। यह उनके नेतृत्व पर प्रदेश नेतृत्व के अटूट विश्वास का प्रमाण है।
*-जनसेवा में निरंतर सक्रिय*
व्यक्तिगत जीवन में वे अत्यंत सरल, विनम्र और जनसेवा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। बुजुर्गों के लिए सम्मान, युवाओं के लिए मार्गदर्शन, कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा और समाज के लिए समर्पण—यही उनके जीवन दर्शन की मूल भावना है।
*जन्मदिन पर बधाईयों का तांता*
उनके जन्मदिवस पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और कार्यकर्ताओं ने अग्रिम बधाई देते हुए उनके दीर्घायु एवं सतत सफलता की कामना की है। सोशल मीडिया से लेकर पार्टी कार्यालयों तक राकेश शर्मा के सम्मान में कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी हरि साहू ने कहा, राकेश शर्मा जैसे कर्मशील और अनुशासित नेता का होना रायसेन भाजपा के लिए सौभाग्य की बात है। रायसेन जिले में कुशल, दूरदर्शी व प्रेरणादायी नेतृत्व में पार्टी आज बूथ स्तर तक सशक्त और संगठित होकर निरंतर नित नए कीर्तिमान स्थापित कर संगठन क्षमता व कार्यशैली के कारण पार्टी प्रदेश संगठनात्मक कार्यों में हमेशा शीर्ष टॉप पर निरंतर बने रहने वाले, वे संगठन की रीढ़ हैं और उनके नेतृत्व में पार्टी और भी सशक्त होगी।
“सादगी जिसकी शक्ति, समर्पण जिसका संस्कार, संघर्ष से शिखर तक, राष्ट्र प्रथम, कार्यकर्ता केंद्र :– यही है राकेश शर्मा का मंत्र”


