सिलवानी में स्वास्थ्य सेवा को मिली नई उड़ान: 50 बिस्तरों का सिविल अस्पताल बनकर हुआ तैयार

अब है उदघाटन का इंतजार
सिलवानी। क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक और ठोस कदम उठाते हुए 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सिलवानी को 9 करोड़ की लागत से अब 50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल में उन्नत कर अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ नवीन भवन बनकर तैयार हो गया है। इस महत्त्वपूर्ण परियोजना में स्टेट हाइवे 15 किनारे पांच एकड़ भूमि पर अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त अस्पताल भवन और चिकित्सकों के लिए 2 एफ-टाइप व 4 जी-टाइप आवासगृहों का निर्माण किया गया है। अब भवन को उदघाटन का इंतजार है।
क्या-क्या होगा नया?
भविष्य के इस सिविल अस्पताल में न सिर्फ बेहतर इलाज की सुविधा होगी, बल्कि चिकित्सीय आपात स्थितियों, मातृ-शिशु देखभाल, ऑपरेशन थियेटर, आधुनिक डायग्नोस्टिक सेवाओं और आवासीय व्यवस्थाओं की भी व्यापक सुविधा सुनिश्चित की जा रही है। इसके अलावा, अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए बैठने और ठहरने की बेहतर व्यवस्था भी की जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार बिल्डिंग में सिविल हॉस्पिटल की मरीज संभालने की क्षमता दोगुनी हो जाएगी। अब ग्रामीण इलाकों से आने वाले लोगों को भी अच्छे इलाज के लिए प्राइवेट अस्पतालों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।
स्थानीय जनता को मिलेगा सीधा लाभ
इस परियोजना से न केवल सिलवानी बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त होंगी। लंबे समय से जिस उन्नयन की आवश्यकता थी, अब वह सपना साकार हो रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में समय पर इलाज, प्रसव सुविधा, जांच और आपात चिकित्सा सेवाओं तक पहुंच सुलभ होगी।
स्थानीय जनता और जनप्रतिनिधियों ने सरकार के इस कदम की सराहना की है।
इस बिल्डिंग के निर्माण से जहां मरीजों को राहत मिलेगी, वहीं डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को भी अपने कार्य को प्रभावी ढंग से करने में मदद मिलेगी।
वर्तमान में सिविल हॉस्पिटल सिलवानी का संचालन वर्षो पुरानी प्राथमिक स्वास्थ्य की बिल्डिंग में संचालित किया जा रहा है। जिसमें कहने को 30 विस्तरीय सुविधा थी। जो कि छत की सीलिंग से पानी टपकना और गत वर्ष तेज आंधी तूफान ने काफी क्षतिग्रस्त भी हो गई थी जिससे मरीजों के साथ स्वास्थ्य कर्मचारियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह राजपूत के अथक प्रयासों से तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा सिलवानी में सिविल हॉस्पिटल निर्माण की राशि स्वीकृत की थी।
अनुराग यादव, एसडीओ, पीआईयू विभाग रायसेन का कहना है कि सिविल हॉस्पिटल का भवन कंप्लीट हो गया है, जल्द ही भवन का उद्घाटन होगा, जिससे नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को लाभ मिलेगा।



