मध्य प्रदेशहेल्थ

राष्ट्रीय कृमिनाशक दिवस हेतु स्वास्थ्य विभाग द्वारा सिलवानी में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

सिलवानी। राष्ट्रीय कृमिनाशक दिवस अभियान के अंतर्गत अटल बिहारी वाजपेयी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सिलवानी में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण सत्र में समस्त क्षेत्रीय स्वास्थ्य स्टाफ सीएचओ, एएनएम, एमपीडब्ल्यू, आशा सुपरवाइजर एवं आशा कार्यकर्ता ने भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य 23 सितंबर को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय कृमिनाशक दिवस के सफल आयोजन की तैयारियाँ सुनिश्चित करना था। मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरएस पटेल ने बताया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार स्वास्थ्य, शिक्षा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के समन्वय से यह अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस दिन 1 वर्ष से 19 वर्ष तक के सभी बच्चों को आंगनवाड़ी केंद्रों, शासकीय, निजी विद्यालयों तथा मदरसों में एल्बेंडाजोल की निःशुल्क कृमिनाशक दवा खिलाई जाएगी। साथ ही, 20 से 49 वर्ष की प्रजनन आयु वर्ग की महिलाएं (गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को छोड़कर) जो स्कूल नहीं जातीं, उन्हें आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर दवा उपलब्ध कराएंगी।
जिन लाभार्थियों को 23 सितंबर को दवा नहीं मिल पाएगी, उन्हें 26 सितंबर को ‘मॉप-अप दिवस’ के तहत दवा दी जाएगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर के रूप में रामविजय सूर्यवंशी (संभागीय समन्वयक), विक्रम खत्री (बीईई), जयदीप साहू (बीपीएम), इन्द्रर कुशवाह (बीसीएम), हेमंत सराठे, पुष्पेंद्र रघुवंशी एवं शैलेंद्र शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों एवं महिलाओं में कृमि संक्रमण समाप्त कर एनीमिया और कुपोषण की समस्या को दूर करना है।

Related Articles

Back to top button