प्रधानमंत्री आवास योजना ने गरीबों का अपने पक्के घर का सपना किया साकार: राज्यपाल मंगुभाई पटेल

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने ग्राम करमासन हटा में हितग्राहियों के आवास का किया अवलोकन
रिपोर्टर : मनीष यादव
टीकमगढ़ । राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने मंगलवार को टीकमगढ़ जिले के प्रवास के दौरान ग्राम करमासन हटा में प्रधानमंत्री अवास योजना अंतर्गत हितग्राहियों को प्राप्त आवासों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने हितग्राही हरकुंवर आदिवासी तथा प्रभुदयाल सौंर के आवासों को देखा तथा परिवार के लोगों से संवाद कर उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल जी ने हितग्राहियों से संवाद करते हुये कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने गरीबों के अपने पक्के घर का सपना साकार किया है। आवास योजना से पक्के मकान बनने से गरीबो और उनके बच्चों का भविष्य को भी सुरक्षित हुआ है। इस दौरान राज्यपाल जी ने हितग्राहियों से शासन की योजनाओं से प्राप्त हो रहे लाभ के बारे में जाना तथा छोटे बच्चों से पढ़ाई के संबंध में चर्चा की एवं उपहार भेंट किये।
हितग्राही हरकुंवर आदिवासी ने बताया कि पहले वह कच्ची झोपड़ी वाले घर में रहती थीं, जिसमें हर मौसम में समस्याओं का सामना करना पड़ता था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पक्का मकान बनाना एक सपने जैसा लगता था, लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना ने हमारे सपने को साकार किया है। उन्होंने कहा कि जिस परिस्थित में हम रहे अब हमारे बच्चे उस परिस्थिति में नहीं रहेंगे। शासन द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ मिलने से हम लोगों की आर्थिक स्थिति में सुधार हो रहा है।
इस अवसर पर सरोज राजपूत, जतारा विधायक हरिशंकर खटीक, अन्य जनप्रतिनिधि, सागर संभागायुक्त श्री अनिल सुचारी, पुलिस महानिरीक्षक हिमानी खन्ना, कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



