मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण में मतदाता करें पूरा सहयोग

सिलवानी। निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। बुधवार को एसडीएम हर्षल चौधरी ने सभी मतदाताओं से अपील की कि शुद्ध निर्वाचक नामावली और मज़बूत लोकतंत्र के लिए चल रहे विशेष पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी करें। उन्होंने कहा है कि मतदाता सूची से संबंधित गणना प्रपत्र का वितरण शुरू हो चुका है। बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर यह गणना फॉर्म मतदाताओं को दे रहे हैं। प्रत्येक मतदाता से अनुरोध है कि वे गणना फॉर्म को ध्यानपूर्वक भरें, उस पर अपने हस्ताक्षर कर बीएलओ को वापस दें। किसी कारण बस यदि मतदाता घर पर नहीं हैं, तो परिवार का कोई भी वयस्क सदस्य सभी सदस्यों की जानकारी भरकर हस्ताक्षर सहित फॉर्म बीएलओ को दे सकता है। जिन मतदाताओं के हस्ताक्षरित फॉर्म बीएलओ को प्राप्त हो जाएंगे, उनके नाम आगामी ड्राट वोटर लिस्ट में सम्मलित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत महत्वपूर्ण है कि सभी मतदाता समय पर भरकर बीएलओ को उपलब्ध कराएं, ताकि बाकी नाम सूची से छूटे नहीं। जिसमें ईआरओ कार्यालय द्वारा 9 दिसंबर के बाद नोटिस जारी कर सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन के लिए मतदाता को यह प्रमाण देना होगा कि वह भारत का नागरिक है। इसके लिए कोई वैध दस्तावेज़ जैसे आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, बिजली बिल आदि प्रस्तुत किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि ऐसे मतदाताओं के नाम, जिनकी मृत्यु हो चुकी है या जो स्थाई रूप से अन्य स्थान पर चले गए हैं, उनके परिवार के सदस्य येलो फॉर्म के माध्यम से बीएलओ को सूचना दें, ताकि त्रुटिपूर्ण नाम सूची से हटाए जा सकें। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी इस अभियान में सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। ताकि निर्वाचक नामावली अधिकतम सटीक और पारदर्शी बन सके। उन्होंने सभी मतदाताओं यह भी अपील की है कि वे पूरी तरह से सजग रहें ताकि आगामी अंतिम मतदाता सूची, त्रुटिरहित और अद्यतन हो।



