फाक्ता प्रजाति के पक्षियों का शिकार करते रंगे हाथों पकड़े गए तीन आरोपी, न्यायालय ने भेजा जेल

सिलवानी। वन विभाग की संयुक्त गश्ती टीम ने अवैध शिकार के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से एयरगन और पाँच मृत पक्षी बरामद किए गए, जिनमें चार फाक्ता और एक कोलार्ड डव शामिल है।
गश्ती दल को 25 नवंबर को ग्राम खमेरा के पास संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचे वन कर्मचारियों ने तीन व्यक्तियों इस्माईल वेग, फरीद खां और शहनवाज खान (सभी निवासी सिलवानी) की तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास एयरगन और नीले रंग के थैले में मृत पक्षी मिले।
वन विभाग द्वारा मौके पर ही पंचनामा तैयार कर एयरगन और मृत पक्षियों को जप्त किया गया तथा तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सिलवानी लाया गया। उनके विरुद्ध वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 एवं भारतीय वन अधिनियम 1927 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
आरोपियों को सोमवार को जिला न्यायालय रायसेन में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
वन परिक्षेत्र अधिकारी आदर्श मिश्रा ने बताया कि फाक्ता, तीतर जैसे छोटे पक्षियों की संख्या लगातार घट रही है, इसलिए ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने जनता से अपील की कि यदि कहीं भी अवैध शिकार की जानकारी मिले तो तुरंत वन विभाग को सूचित करें, ताकि इन पक्षियों की प्रजातियों को सुरक्षित रखा जा सके।
इस कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी आदर्श मिश्रा, आत्माराम मैना, राममनोहर खरे, दलसिंह, ऋषि गुप्ता, हरेन्द्र सिंह सहित पूरी टीम का विशेष योगदान रहा।



