खबर का असर: मंडी में बिना रेडियम दौड़ रहीं ट्रॉलियों पर प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
सिलवानी। कृषि उपज मंडी में दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के बिना रेडियम पट्टी और बिना रिफ्लेक्टर पहुंचने की लापरवाही सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। पड़ताल में यह भी पाया गया था कि कुछ ट्रॉलियों पर लगे पुराने रिफ्लेक्टर धूल-मिट्टी से ढंके हुए थे और नई ट्रॉलियों पर भी रेडियम नहीं लगा था, जिससे रात के समय दुर्घटना की आशंका बढ़ रही थी।
खबर प्रकाशित होते ही एसडीएम हर्षल चौधरी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गुरुवार को मंडी परिसर में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। राजस्व और मंडी प्रबंधन की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर अनिवार्य रूप से रेडियम पट्टियाँ लगवाईं। जिन वाहनों पर रिफ्लेक्टर खराब या निष्प्रभावी थे, उन्हें भी वहीं ठीक कराया गया। अधिकारियों ने वाहन मालिकों को स्पष्ट चेतावनी दी कि बिना रेडियम पट्टी किसी भी वाहन को मंडी में प्रवेश नहीं मिलेगा।
स्थानीय ग्रामीणों और चालकों ने इसे प्रशासन का सराहनीय कदम बताया और कहा कि रात के समय सुरक्षा के लिए रेडियम पट्टी “जीवन रक्षक” की तरह काम करती है।
पूर्व में प्रकाशित खबर पढ़ने के लिए क्लिक कीजिए
सड़क सुरक्षा पर लापरवाही: अभियान बेअसर, मंडी में बिना रेडियम पहुंचीं दर्जनों ट्रॉलियां



