विद्यार्थियों को शैक्षणिक भ्रमण के अंतर्गत कृषि उपज मंडी का भ्रमण कराया
सिलवानी। शनिवार को सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय के विद्यार्थियों को शैक्षणिक भ्रमण के अंतर्गत कृषि उपज मंडी का भ्रमण कराया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षकगण भी उपस्थित रहे। भ्रमण के दौरान मंडी लेखापाल ब्रजभूषण तिवारी ने बच्चों को कृषि उपज मंडी की कार्यप्रणाली, किसानों द्वारा उपज लाने की प्रक्रिया, तौल, नीलामी तथा भुगतान प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंडी का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना है।
बच्चों ने मंडी में होने वाली गतिविधियों को उत्सुकता के साथ देखा और प्रश्न पूछकर जानकारी प्राप्त की। शिक्षकों ने इस भ्रमण को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि ऐसे शैक्षणिक दौरों से बच्चों में व्यवहारिक ज्ञान का विकास होता है।
भ्रमण के अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से मंडी प्रशासन का आभार व्यक्त किया गया।



