मध्य प्रदेश

बीच सड़क पर लगाए गए बिजली पोल बने दुर्घटना का कारण, एसडीएम ने लिया संज्ञान

सिलवानी। नगर में बिजली कंपनी के ठेकेदार द्वारा बीच सड़क पर लगाए गए बिजली के पोल नागरिकों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गए हैं। इस मुद्दे को लेकर मीडिया द्वारा लगातार खबरें प्रकाशित की जा रही थीं। नागरिकों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम हर्षल चौधरी ने सोमवार को मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने विद्युत विभाग के जेई मनीष अहिरवार को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क के बीच लगाए गए बिजली पोल हटाकर उन्हें सड़क के किनारे लगाया जाए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और दुर्घटनाओं की आशंका समाप्त की जा सके।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पावर हाउस से अशोक विहार कॉलोनी तक तीसरे फीडर के लिए नई बिजली लाइन बिछाई जा रही है। इस कार्य के तहत कई स्थानों पर सड़क के बीचों-बीच बिजली के पोल गाड़ दिए गए थे। इससे वाहन चालकों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और पैदल चलने वालों के लिए खतरा बढ़ गया था।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि सड़क के मध्य लगाए गए पोलों के कारण यातायात बाधित हो रहा है। विशेष रूप से रात के समय ये पोल साफ दिखाई नहीं देते, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की संभावना और बढ़ जाती है। नागरिकों द्वारा इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई थी।
मीडिया में मामला उजागर होने के बाद प्रशासन ने संज्ञान लिया और अब जल्द ही पोलों को सड़क किनारे स्थानांतरित किए जाने की उम्मीद है, जिससे आमजन को राहत मिलेगी।

Related Articles

Back to top button