ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, अवैध ओवरलोड वाहनों पर रोक की मांग

सिलवानी। ग्राम पाला–बूढ़ा–उमरझिर से नोनिया बरेली तक जाने वाले मार्ग पर बिना अनुमति चल रहे ओवरलोड वाहनों के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन एसडीएम हर्षल चौधरी को सौंपकर अवैध परिवहन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि उमरझिर से नोनिया बरेली तक सिंगल पट्टी डामर रोड बना है, जो आमजन के आवागमन के लिए है। इसके बावजूद इस मार्ग पर बिना शासकीय अनुमति ट्रैक्टर, मैजिक और डंपरों के जरिए रेत, गिट्टी सहित अन्य सामग्री का ओवरलोड परिवहन धड़ल्ले से किया जा रहा है। विशेष रूप से अवैध रेत परिवहन से सड़क पर भारी दबाव पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि यह परिवहन राजनीतिक दबंगों और प्रभावशाली लोगों के संरक्षण में किया जा रहा है, जिससे सड़क पर क्रॉसिंग के दौरान आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्कूल जाने वाले बच्चों को साइकिल से आवागमन में हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। वहीं, वाहन चालक तेज आवाज में और अश्लील गाने बजाते हुए वाहन चलाते हैं, जिससे क्षेत्र में असुरक्षा और असुविधा का माहौल है।
ग्रामीणों ने बताया कि ओवरलोड वाहनों के कारण सिंगल पट्टी सड़क क्षतिग्रस्त हो रही है और यातायात बाधित हो रहा है। ज्ञापन के माध्यम से जनहित में बिना अनुमति चल रहे ट्रैक्टर, मैजिक और डंपरों पर तत्काल रोक लगाने तथा सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। इस दौरान राकेश कौरव, आशीष गौर, सीताराम, बसंत, हरिओम गौर, दिनेश आदि मौजूद रहे।



